भिंड में छात्रा रेप हत्याकांड में शस्त्र लाइसेंस और 8 बीघा जमीन पर बनी सहमति, 10 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म
भिंड में नाबालिग छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के विरोध में 10 घंटे चला चक्काजाम प्रशासन से सहमति के बाद समाप्त हुआ। तीन आरोपित गिरफ्तार हैं और अ ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 10:51:39 AM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 10:51:39 AM (IST)
परिजनों का 10 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- नाबालिग छात्रा का शव ग्वालियर में मिलने से सनसनी।
- पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
- दुष्कर्म, हत्या, पाक्सो और एससी-एसटी एक्ट में केस।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। झांकरी चौकी क्षेत्र के मदनपुरा गांव की एक नाबालिग छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में मंगलवार को शुरू हुआ चक्काजाम करीब 10 घंटे बाद समाप्त हो गया। प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शनकारियों ने देर रात आंदोलन वापस ले लिया। इसके बाद बुधवार को गमगीन माहौल में छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार 28 मई को नौंवी कक्षा की छात्रा को गांव के कुछ युवक अपने साथ ले गए थे। बाद में ग्वालियर के गोल पहाड़िया क्षेत्र में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में दुष्कर्म और हत्या की बात सामने आने के बाद मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के खिलाफ अपहरण, हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
शव रखकर की मांग
मंगलवार को छात्रा का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और समाज के लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता, शस्त्र लाइसेंस और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। स्थिति को देखते हुए एएसपी संजीव पाठक और एसडीएम नवनीत शर्मा मौके पर पहुंचे। लंबी चर्चा के बाद प्रशासन ने पंचायत स्तर पर एक परिजन को रोजगार, चार शस्त्र लाइसेंस जारी करने और आठ बीघा सरकारी भूमि का पट्टा देने पर सहमति जताई।