
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड जिले में बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। एक ओर देहात थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं फूफ थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना देहात थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे हुई। सिमराव निवासी 55 वर्षीय विजयपाल सिंह तोमर पुत्र सूबे सिंह तोमर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को संभाला। ग्रामीणों ने स्वजनों को सूचना दी, जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और विजयपाल सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
दूसरी घटना फूफ थाना क्षेत्र में टेढ़ी पुलिया के पास हुई। 23 वर्षीय ज्योति बघेल पुत्री रामलाल बघेल तथा 75 वर्षीय राजकुमारी बघेल पत्नी गंगाचरण बघेल दोनों निवासी भगवासी ई-रिक्शा से टिकरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। रास्ते में अचानक ई-रिक्शा का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है, जबकि ई-रिक्शा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : भिंड में घर के अंदर घुसकर बंदर ने किया हमला, भगाने के लिए 20 मिनट तक करनी पड़ी मशक्कत