
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड शहर के लोगों के लिए राहत की खबर है। भीमनगर चौराहे से नसिया जी मंदिर तक लंबे समय से अटके सड़क निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। नगर पालिका इस मार्ग पर करीब 1 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से डामर सड़क बनवाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दिसंबर में टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
दरअसल, रेलवे विभाग से अनुमति नहीं मिलने के कारण पिछले पांच साल से इस सड़क का निर्माण रुका हुआ था। अब रेलवे से स्वीकृति मिलने के बाद नगर पालिका ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नई सड़क बनने से बस स्टैंड से अटेर रोड तक सीधा रास्ता उपलब्ध हो जाएगा। फिलहाल अटेर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को परेड चौराहे से होकर गुजरना पड़ता है। इसी तरह बस स्टैंड से अटेर रोड जाने वाले लोगों को भी परेड चौराहे का चक्कर लगाना पड़ता है।
सड़क तैयार होने के बाद वाहन चालकों को इस अतिरिक्त दूरी से राहत मिलेगी। साथ ही शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से भी निजात मिलने की उम्मीद है।
भीमनगर चौराहे से नसिया जी मंदिर तक प्रस्तावित सड़क का करीब आधा किलोमीटर हिस्सा रेलवे विभाग के अधीन आता है। इसी हिस्से में निर्माण की अनुमति नहीं मिलने के कारण सड़क बनाने का काम लंबे समय से रुका हुआ था।
नगर पालिका लगातार रेलवे विभाग से अनुमति लेने का प्रयास कर रही थी। अब रेलवे की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिसंबर में टेंडर खुलने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
वर्तमान में अटेर रोड से शहर और बस स्टैंड की तरफ आने-जाने वाले वाहनों का दबाव परेड चौराहे और आसपास के प्रमुख रास्तों पर रहता है। व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने से यहां जाम लग जाता है।
नई सड़क बनने के बाद अटेर रोड और बस स्टैंड के बीच एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे परेड चौराहे और बाजार क्षेत्र के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। लोगों को जाम में फंसने के साथ अतिरिक्त दूरी तय करने से भी राहत मिलेगी।
फिलहाल भीमनगर चौराहे से नसिया जी मंदिर तक जाने वाली सड़क की हालत खराब है। रास्ते में जगह-जगह गड्ढे हैं और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी बनी रहती है।
इस कारण ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। खराब हालत के चलते कई वाहन चालक इस रास्ते से गुजरने से बचते हैं। डामर सड़क बनने से स्थानीय रहवासियों को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा वाल्मीकि ने बताया कि शहर में भीमनगर से नसिया जी मंदिर तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।