मथुरा में खड़े ट्रक से टकराई कार, भिंड के परिवार के 4 लोगों की मौत, दो बच्चों सहित पांच गंभीर घायल
परिवार के 9 सदस्य स्विफ्ट कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वृंदावन और बरसाना में दर्शन करने के बाद सभी रमणरेती जा रहे थे।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 02:01:36 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 02:34:09 PM (IST)
हादसे में चकनाचूर कार।HighLights
- बरसाना से रमणरेती जाते वक्त हुआ भीषण हादसा
- दो बच्चों व दो महिलाओं की मौत, पांच घायल
- कार में फंसे लोगों को निकालकर भेजा अस्पताल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मथुरा में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में भिंड के दबोहा गांव के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। परिवार के 9 सदस्य स्विफ्ट कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वृंदावन और बरसाना में दर्शन करने के बाद सभी रमणरेती जा रहे थे।
इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे जैंत थाना क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास उनकी कार हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं की मौत
हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चार वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। वहीं आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने की जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ भिंड से मथुरा धार्मिक यात्रा पर आए थे। सोमवार सुबह बरसाना से रमणरेती जाते समय उनकी कार ग्वालियर से डस्ट लेकर जा रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।