भिंड में ई-रिक्शा रोक महिला का मंगलसूत्र छीना, विरोध करने पर पति-बेटे पर किया पथराव; घायल आरोपी ने खुद को बताया बेगुनाह
घटना के बाद परिवार शिकायत दर्ज कराने देहात थाने पहुंचा। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 01:10:07 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 01:10:38 PM (IST)
देहात थाना में शिकायत करने के लिए बैठी पीड़ित महिला दाखश्री जाटव। नईदुनियाHighLights
- अटेर रोड स्थित सोमवार सुबह 11:30 बजे रेलवे क्रासिंग के पास की है घटना
- सोमवती अमावस्या के निमंत्रण में जा रहा था परिवार
- दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने घेरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत सोमवार सुबह मुड़ियाखेरा के पास एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाइक सवार चार बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर पथराव कर फरार हो गए। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती एक घायल युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कबीर नगर अटेर रोड निवासी 35 वर्षीय दाखश्री पत्नी मनोज जाटव सोमवार सुबह पति मनोज और बेटे अतुल के साथ ई-रिक्शा से पाली गांव रिश्तेदारी में सोमवती अमावस्या के निमंत्रण में शामिल होने जा रही थीं। मुड़ियाखेरा के आगे कल्लू हलवाई की दुकान के पास दो बाइकों पर सवार चार युवक पहुंचे।
आरोप है कि एक बाइक ई-रिक्शा के आगे और दूसरी पीछे लगाकर रास्ता रोका गया। इसके बाद एक युवक ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार के अनुसार मनोज जाटव ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो अन्य लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान मनोज और उनके बेटे अतुल के सिर में चोटें आईं और बदमाश मंगलसूत्र लेकर भाग निकले। घटना के बाद परिवार शिकायत दर्ज कराने देहात थाने पहुंचा।
घायल युवक बोला- विवाद हुआ, लूट का आरोप गलत
दूसरी ओर जिला अस्पताल में भर्ती श्रीराम नगर निवासी कन्हैया चतुर्वेदी पुत्र मुकेश चतुर्वेदी ने दावा किया कि वह बाइक से अटेर जा रहा था और जाम में फंसा था। उसने ई-रिक्शा आगे बढ़ाने के लिए कहा तो उसमें सवार लोगों से विवाद हो गया और उसके साथ मारपीट की गई। कन्हैया का कहना है कि बाद में महिला ने उस पर मंगलसूत्र लूटने का झूठा आरोप लगा दिया।
दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। घटनास्थल और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।- शिवप्रताप सिंह राजावत, थाना प्रभारी, देहात थाना भिंड