
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर 28 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। इस महारैली में देशभर के 65 प्रमुख OBC संगठन एक मंच पर शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भिंड में OBC महासभा के जिला कार्यालय पर बैठक हुई।
बैठक में OBC महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह कुशवाह विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजू कुशवाह और सत्य शोधक समाज (पटना, बिहार) के आचार्य रामसूरत भी मौजूद रहे। जिला कार्यालय पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक के दौरान एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह कुशवाह सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने महारैली की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में OBC महासभा के साथ देशभर के 65 प्रमुख OBC संगठन एकजुट होकर अपनी भागीदारी करेंगे। महारैली के जरिए जातिगत जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
महारैली को सफल बनाने के लिए बैठक में भिंड जिले से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से 28 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचकर रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज कुशवाह, पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाह, मेहगांव विधानसभा अध्यक्ष दीवान सिंह, जिला सचिव विकास सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।