
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी भूमि की रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना शुरू कर दिया है।
कलेक्टर पवन जैन ने फूप-पीपरी के नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह तोमर और मिहोना के तहसीलदार हरिओम पचौरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया ने जिले की विभिन्न तहसीलों के 17 पटवारियों को नोटिस देकर दो दिन में प्रगति सहित जवाब मांगा है।
संतोषजनक जवाब और कार्य में सुधार नहीं होने पर वेतन वृद्धि रोकने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को उनके आबादी क्षेत्र के आवासीय भूखंडों का कानूनी अधिकार दिलाने के लिए रजिस्ट्री कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बदलेगी सफाई व्यवस्था, दिल्ली, नोएडा और मुंबई की चार एजेंसियां संभालेंगी जिम्मेदारी
फूप-पीपरी वृत्त में 23,028 प्लाटों के लक्ष्य के विरुद्ध 6,479 रजिस्ट्रियां हुई हैं, जो 28.14 प्रतिशत है। इसी तरह मिहोना में 7,927 प्लाटों में से 2,288 की रजिस्ट्री हुई है। यहां प्रगति 28.86 प्रतिशत है, जबकि जिले का औसत 36.09 प्रतिशत है।
दोनों क्षेत्रों की प्रगति औसत से कम होने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। इधर, अपर कलेक्टर ने गोरमी, गोहद, अटेर, मेहगांव, मौ, लहार और भिंड तहसील के 17 पटवारियों को नोटिस दिए हैं।
इन्हें नोटिस प्राप्ति के दो दिन के भीतर अपने प्रभार के गांवों में रजिस्ट्री की वांछित प्रगति सहित जवाब प्रस्तुत करना होगा। प्रशासन गांवों में शिविर और नाइट कैंप लगाकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटा है।
इन पटवारियों पर हुई कार्रवाई
अपर कलेक्टर ने तहसील गोरमी के ग्राम कृपेकापुरा, डोगरपुरा, विजयगढ़ के पटवारी विजय प्रताप सिंह तोमर, तहसील गोहद के ग्राम वकनासा, बम्हौरा के पटवारी कमल किशोर शर्मा, ग्राम पिपाहड़ा, इटायदा की पटवारी मोहिनी राठौर, तहसील अटेर के ग्राम विरगवांरानी के पटवारी रवि प्रताप सिंह भदौरिया, ग्राम दतावली, भगतुआपुरा, मनेपुरा के पटवारी धर्मेन्द्र सिंह चौरसिया, ग्राम अंगदपुरा, चोम्हो के पटवारी अंकित जैन, तहसील मेहगांव के ग्राम सायना के पटवारी दलजीत सिंह यादव, ग्राम कनाथर के पटवारी रघुवीर सिंह आदवंशी, तहसील मौ के ग्राम गुहीसर के पटवारी महेन्द्र सिंह, ग्राम पखोजिया, किटहेना, मघन के पटवारी राज कुमार, ग्राम मोहदूपुरा, अंधियारीकलां, शेखूपुरा की पटवारी प्रियंजला सिंह, तहसील लहार के ग्राम मेहरा बुजुर्ग, मेहरी की पटवारी प्रियंका जादौन, ग्राम चौरई, अखदेवा के पटवारी विपिन कुमार झा, ग्राम मड़ोरी, सिजरौली, केशवगढ़ के पटवारी जीतू सिंह, ग्राम बेहटा, बरौआ, खजूरी के पटवारी विजय कुमार, तहसील भिंड के ग्राम रमपुरा, ईश्वरी के पटवारी सुभाष शर्मा, ग्राम महापुर, चकरपुरा की पटवारी अंजू भदौरिया को नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में LPG उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी, आठ माह से कनेक्शन बंद तो PNG की 2500 वेटिंग