
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड/गोहद। गोहद उपजेल से सोमवार दोपहर एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है। बंदी बैरक से निकलकर जेल परिसर में पहुंचा और वहां रखी सीढ़ी की मदद से सुरक्षा दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार फरार बंदी अनिल पुत्र रामसिंह जाटव निवासी खैरोली, हाल निवासी द्वारिकापुरी वार्ड क्रमांक-13 मौ का रहने वाला है। वह 20 नवंबर 2025 से गोहद उपजेल में बंद था। उसके खिलाफ किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-13 में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी को अनिल जाटव कथित रूप से लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इससे परेशान होकर किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 20 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।
सीढ़ी लगाकर दीवार फांदकर हुआ फरार
सोमवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच आरोपी किसी तरह बैरक से बाहर निकल आया। जेल परिसर में उस समय कम गतिविधि होने का फायदा उठाते हुए उसने वहां रखी एक सीढ़ी उठाई और उसे दीवार से लगाकर ऊपर चढ़ गया। इसके बाद वह जेल की सुरक्षा दीवार फांदकर फरार हो गया।
बंदी के गायब होने की जानकारी मिलने पर जेलर हेम सरिता मिंज और संतरी ने पहले जेल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गोहद थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
कई पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
एसडीओपी गोहद महेंद्र गौतम ने बताया कि फरार बंदी की तलाश के लिए गोहद, गोहद चौराहा और मौ थाना पुलिस की टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, 15 जून तक मध्य प्रदेश में देगा दस्तक, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश