भिंड: हादसे के बाद डंपर फूंकने वालों पर पुलिस का एक्शन; 13 नामजद समेत 18 ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज
पुलिस के अनुसार फरियादी सोनू रायकवार पुत्र मनोहरलाल रायकवार निवासी आवास गृह के पास दबोह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 08 Jun 2026 03:18:38 PM (IST)Updated Date: Mon, 08 Jun 2026 03:27:34 PM (IST)
हादसे का फाइल फोटो।HighLights
- बाइक सवार की मौत के बाद भड़का था ग्रामीणों का गुस्सा
- डंपर जलाने और मारपीट का आरोप
- इलाके में रहा तनाव का माहौल
नईदुनिया न्यूज, दबोह। दबोह थाना अंतर्गत अमहां गांव के पास हुए सड़क हादसे के बाद डंपर में आग लगाने और चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 13 नामजद एवं पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर डंपर में आग लगा दी थी।
पुलिस के अनुसार फरियादी सोनू रायकवार पुत्र मनोहरलाल रायकवार निवासी आवास गृह के पास दबोह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि उसका डंपर क्रमांक एमपी-07 एचबी-4805 अमहां गांव के पास बाइक से टकरा गया था। दुर्घटना में बाइक सवार हिम्मत रजक निवासी सलैया की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दिनेश रजक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और गुस्से में डंपर चालक के साथ मारपीट कर दी।
आरोप है कि बाद में भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया। घटना के चलते क्षेत्र में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मामले में भूरे चौधरी, रोहित झा निवासी अमहां, मनोज यादव निवासी सिगौंसा, शिवम बरैठा, रवि बरैठा, जगत सिंह, उदयवीर बरैठा, मंगल सिंह, अर्जुन सिंह, मोनू रजक, वीरू रजक, गिल्ले रजक और गुलाब रजक निवासी सलैया सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।