_202661_174045_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने सोमवार को भिंड में नापतौल विभाग के निरीक्षक सौरभ शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सौरभ शर्मा मुरैना के गणेशपुरा का निवासी है और वर्ष 2023 से भिंड में पदस्थ था। उस पर पेट्रोल पंप की जांच के बाद तकनीकी खामी दूर करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार भिंड के शिवाजी नगर निवासी तेजनारायण लोधी का ग्वालियर रोड स्थित सावित्री पेट्रोल पंप है। 26 मई को नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा ने पेट्रोल पंप की जांच की थी। आरोप है कि जांच के दौरान उसने ईंधन भरने वाले नोजल की स्पीड कम कर दी, जिससे पेट्रोल और डीजल वितरण में परेशानी होने लगी और पंप संचालक को आर्थिक नुकसान होने लगा।
60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी
पेट्रोल पंप संचालक ने नोजल की स्पीड पूर्ववत करने का अनुरोध किया तो निरीक्षक ने 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपित ने 26 मई को 22 हजार 500 रुपये ले लिए थे, जबकि शेष 27 हजार 500 रुपये लेने के लिए सोमवार को पंप संचालक को कार्यालय बुलाया था।
लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई
इस बीच पंप संचालक ने लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार दोपहर भिंड स्थित नापतौल कार्यालय में जैसे ही निरीक्षक ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। डीएसपी लोकायुक्त ग्वालियर विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले को लेकर क्या कहना है
ग्वालियर रोड पर मेरा पेट्रोल पंप है। निरीक्षक सौरभ शर्मा ने जांच के नाम पर नोजल की स्पीड कम कर दी। जब स्पीड सही करने के लिए कहा तो 60 हजार रुपये मांगे। अनुरोध के बाद 50 हजार रुपये में सौदा हुआ। 22,500 रुपये उसी दिन दे दिए और लोकायुक्त में शिकायत की। टीम ने सोमवार को रिश्वत के रुपये देते ही निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया।
- तेजनारायण लोधी, फरियादी
शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। केमिकल लगे नोट लेते हुए नापतौल निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ा गया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी, लोकायुक्त ग्वालियर
यह भी पढ़ें- ग्वालियर और सागर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा 1 जून से, 45 हजार युवा आजमाएंगे किस्मत; जानें गाइडलाइंस