
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण में नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई के साथ ही दावा-आपत्ति लेने की प्रक्रिया खत्म हो गई है। अब तक 1 लाख 14 हजार 655 दावा-आपत्ति प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 66 हजार नये मतदाताओं ने फार्म छह जमा किए हैं।
इसी तरह 27 हजार 104 नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि एक लाख चार हजार 63 की सुनवाई होना अब भी बाकि है। हालांकि नये मतदाता अब भी ऑनलाइन फार्म छह जमा कर सकते हैं, जिनका परीक्षण 21 फरवरी के बाद होगा। इसके बाद इनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकेंगे।
शहर के बैरसिया, उत्तर, नरेला, दक्षिण-पश्चिम, मध्य, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के पहले चरण में 21 लाख 25 हजार 908 मतदाताओं का सत्यापन किया गया था। इनमें से 16 लाख 87 हजार 33 मतदाताओं के पत्रक डिजिटाइज हुए थे, जबकि 4 लाख 38 हजार 317 मतदाताओं का रिकॉर्ड नहीं मिलने से इनके नाम सूची से हटा दिए गए थे।
| विधानसभा क्षेत्र | फार्म छह | फार्म सात | फार्म आठ | कुल |
|---|---|---|---|---|
| बैरसिया | 3,859 | 398 | 2,080 | 6,337 |
| उत्तर | 9,061 | 233 | 5,068 | 14,362 |
| नरेला | 13,756 | 4,843 | 6,727 | 25,326 |
| दक्षिण-पश्चिम | 5,390 | 465 | 3,550 | 9,405 |
| मध्य | 6,574 | 253 | 4,482 | 11,309 |
| गोविंदपुरा | 16,082 | 518 | 9,737 | 26,337 |
| हुजूर | 11,509 | 598 | 9,472 | 21,579 |
| कुल | 66,231 | 7,308 | 41,116 | 1,14,655 |
नोट - जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़े
वहीं 1 लाख 16 हजार 925 मतदाताओं को नो मैपिंग की श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें नोटिस जारी कर सुनवाई का समय दिया गया है। इनमें से अब तक 27 हजार 104 मतदाताओं की सुनवाई 85 हेल्प डेस्क पर एईआरओ व बीएलओ के द्वारा की जा चुकी है। जबकि एक लाख चार हजार 63 की सुनवाई होना अब भी बाकी है। इसी तरह 23 जनवरी तक कुल 1 लाख 14 हजार 655 दावा-आपत्ति प्राप्त हुए हैं, जिनकी सुनवाई बीएलओ व एईआरओ द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल गोकशी मामला: SIT की रडार पर बूचड़खाने के कर्मचारी, गोतस्करी के रूट और सप्लाई चेन की जांच तेज
सात विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक नये मतदाताओं ने 16 हजार 82 फार्म छह नाम जुड़वाने के लिए जमा करवाए हैं। इस तरह कुल 66 हजार 231 फार्म छह मिले हैं, जबकि सात हजार 308 फार्म सात नाम कटवाने के लिए और 41 हजार 116 फार्म आठ संशोधन, शिफ्टिंग आदि के लिए मतदाताओं ने जमा किए हैं। इन सभी फार्म छह, सात, आठ का परीक्षण बीएलओ द्वारा किया जा रहा है। सात दिन में अब तक आए फार्म का परीक्षण कर निष्कर्ष निकालकर नाम सूची में जोड़े जाएंगे।
एसआईआर के दूसरे चरण में दावा-आपत्ति का परीक्षण किया जा रहा है, अब तक एक लाख से अधिक फार्म छह, सात और आठ प्राप्त हुए हैं। ऑफलाइन फार्म छह लेना बंद हो गया है, लेकिन मतदाता ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। वहीं नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई जारी है।
-भुवन गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी