ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में 100% अंकों का घोटाला; MP से दिल्ली तक जुड़े तार, CBI एक्शन में खुलासा
मामले में सीबीआई ने प्रकरण दर्ज कर 30 सितंबर को मुरैना से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि सागर, देवास और टीकमगढ़ के चार अन्य के फरार होने की जानकारी दी गई है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 09:28:24 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 09:28:24 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- डाक सेवक भर्ती में 100 प्रतिशत अंकों पर सवाल
- मध्य प्रदेश में 1,155 चयनितों के दर्शाए गए पूरे अंक
- सीबीआई ने मुरैना से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक के अंशकालिक पदों की भर्ती में 100 प्रतिशत अंकों का घोटाला सामने आया है। इस पद पर हर साल देश भर में हो रही 20-22 हजार लोगों की भर्तियों की न्यूनतम योग्यता 10वीं पास है। उनके चयन का आधार भी 10वीं के अंक होते हैं।
36% से ज्यादा लोगों को 100 में 100 अंक
सूत्रों के अनुसार इस वर्ष कुल चयनित लोगों में से 8,264 यानी 36 प्रतिशत से अधिक लोग 100 प्रतिशत अंक पाकर 10वीं पास हुए हैं। इनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू कश्मीर में चयनित सभी के अंक 100 प्रतिशत आए हैं।
मध्य प्रदेश में कुल चयनित 1,450 लोगों में 1,155 को 10वीं परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक मिले हैं। यह तब है, जब यहां पिछले सात सालों में केवल 16 लोग 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर पाए। पिछले महीने जबलपुर डाक सर्किल ने बिहार बोर्ड से जारी 100 प्रतिशत अंक वाले 8 लोगों को बर्खास्त किया।
4 की गिरफ्तारी
इनके विरुद्ध सीबीआई ने मामला दर्ज किया। एजेंसी ने 30 सितंबर को मुरैना से मानवेंद्र सिंह सिकरवार, रमाकांत शर्मा, सौरभ शर्मा और प्रदीप खरे नाम के आरोपितों को गिरफ्तार किया। चार और लोग सागर, देवास और टीकमगढ़ के हैं जो अभी फरार हैं।