
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों का विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। जिस बसाहट में 20 से कम घर होंगे, वहां राज्य सरकार अपने बजट से बिजली की व्यवस्था करेगी।
प्रदेश में खनिज से आय बढ़ाने के लिए खनिज विकास निगम पूरे प्रदेश में सर्वे कराएगा। इसके लिए भारत सरकार से सहयोग लिया जाएगा और जो उपलब्ध डेटा है, उसका विश्लेषण किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश को खनिज के माध्यम से 30,000 करोड़ रुपये की वार्षिक आय हो, जो अभी 12,170 करोड़ रुपये है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए बढ़ाए जाएंगे। इसके पीछे आधार समितियों का परिसीमन और नई समितियों के गठन में लगने वाला समय बताया गया है। यह चुनाव मध्य प्रदेश में वर्ष 2018 में होने थे, लेकिन उसके बाद कर्ज माफी, नई समितियों का गठन और परिसीमन आदि कारणों के चलते चुनाव नहीं हो पाए हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर वार्ड 62 रावजी बाजार: 10 साल से गंगवाल से सरवटे बस स्टैंड तक सड़क निर्माण अधूरा
इसके साथ ही सरकार ने रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये का अंशदान देने का निर्णय लिया है। इससे इन बैंकों में व्यवस्थागत सुधार के काम किए जाएंगे।
21-22 दिसंबर को होने वाले मंत्रियों के चिंतन शिविर से पहले 2 दिसंबर को सभी अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इस दौरान आठ समूहों में अधिकारी चर्चा करेंगे और इसकी जो अनुशंसाएं होंगी, उसके आधार पर मंत्रियों के चिंतन शिविर में विचार किया जाएगा।