
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: राजधानी की सड़कों पर हादसों को रोकने के नाम पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में सरकारी बजट को ठिकाने लगाने का बड़ा खेल सामने आया है। व्यापम चौराहे से नूतन कालेज के बीच दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पाट को खत्म करने के लिए 74.40 लाख रुपये मंजूर किए गए थे।
विभाग के रिकार्ड में 600 मीटर डिवाइडर का निर्माण 100 प्रतिशत पूरा दिखाकर भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन मौके पर महज 100 से 150 मीटर का ही काम हुआ है। कागजों में काम फुल और जमीन पर अधूरा छोड़कर जनता के पैसों की खुली बर्बादी की गई है।
पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों की तुगलकी कार्यप्रणाली का आलम यह रहा कि व्यापम चौराहे से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग (यूएडीडी) कार्यालय तक पहले डिवाइडर का निर्माण किया गया, फिर कुछ ही दिनों में उसे तुड़वाकर सड़क पुरानी स्थिति में कर दी गई। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जब डिवाइडर तोड़ना ही था, तो लाखों रुपये किसके इशारे पर बर्बाद किए गए।
यूएडीडी कार्यालय के सामने डिवाइडर बनाया गया था, जिस बाद में तोड़ दिया गया। उसके बाद सड़क पर सीमेंट करके रिपेयर कर दी गई, बाकी यह भी एक ब्लैक स्पाट है।
ठेकेदार को उतना ही भुगतान हुआ है, जितना उसने काम किया है। यूएडीडी कार्यालय और विधायक कार्यालय के सामने कुछ दिक्कतें आई हैं, इस वजह से वहां दोबारा सर्वे कराया जाएगा। एससी वर्मा, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी
यह भी पढ़ें- UGC एक्ट 2026 वापस लेने की मांग; 26 सितंबर को भोपाल में सवर्ण समाज का महाआंदोलन