मंडीदीप में करंट लगने से ब्लॉगर की मौत, DJ की छत पर चढ़कर बना रहा था वीडियो
संजय लोवंशी मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी दौरान वह डीजे वाहन के ऊपर चढ़कर शूटिंग करने लगा। तभी अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल ह ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 07 May 2026 03:25:56 PM (IST)Updated Date: Thu, 07 May 2026 03:28:29 PM (IST)
मृतक संजय लौवंशी का जीवित अवस्था का फोटो।।नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन/मंडीदीप। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मंडीदीप के पास ग्राम पोलाह में बारात के दौरान डीजे वाहन पर चढ़कर शूटिंग कर रहे 25 वर्षीय ब्लॉगर की करंट लगने से जान चली गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान संजय लोवंशी निवासी सतलापुर वार्ड-17 के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक संजय एक बारात में शामिल होने ग्राम पोलाह पहुंचा था। बारात के दौरान वह मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी बीच अच्छा एंगल लेकर रील शूट करने के लिए वह डीजे वाहन के ऊपर चढ़ गया।
वीडियो शूट करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीजे वाहन पर खड़े होकर शूटिंग करते समय संजय अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
परिजन और साथी उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे एम्स भोपाल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- Viral Video: लाइव स्ट्रीमिंग में जिंदा ऑक्टोपस खा रही थी ब्लॉगर, चेहरे का हो गया बुरा हाल
सोशल मीडिया के लिए बनाता था वीडियो
बताया जा रहा है कि संजय सोशल मीडिया पर सक्रिय था और वीडियो ब्लॉगिंग करता था। वह अक्सर कार्यक्रमों और आयोजनों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करता था।
बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।