भोपाल में आमने-सामने बाइकों की जोरदार भिड़ंत, एक की हैंडल मुंह में घुसने से मौत, दूसरे की सिर की चोट से गई जान
भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र में दानापानी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 10:44:20 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 10:44:20 PM (IST)
आमने-सामने बाइकों की जोरदार भिड़ंत। (Image Source: AI-Generated)HighLights
- भोपाल के दानापानी रोड पर आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत
- शराब पीकर चला रहे थे बाइक, अंधेरा भी हादसे की वजह
- एक के मुंह में घुसा हैंडल, दूसरे के सिर और चेहरे पर चोट
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शाहपुरा क्षेत्र में दानापानी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना में एक बाइक चालक के मुंह में बाइक का हैंडल घुस गया, जिससे अधिक रक्तस्त्राव के कारण जान चली गई, जबकि दूसरे के सिर पर चोट लग गई। काफी देर बाद राहगीरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देखकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की शुरुआती जांच में सड़क पर अंधेरा और ड्रिंक एंड ड्राइव हादसे की वजह बताई जा रही है।
हादसे का शिकार हुए मृतक और घायल का विवरण
शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम के अनुसार, 42 वर्षीय नरेंद्र सिंह राजपूत ईश्वर नगर में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था व डीमार्ट में बतौर इलेक्ट्रिशियन काम करता था। रविवार शाम करीब 7:30 बजे वह बावड़ियाकलां से ईश्वर नगर अपने घर आ रहा था। तभी दानापानी रोड पर नर्सरी के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें दूर गिरीं, इसी दौरान उसके मुंह में बाइक का हैंडल घुस गया। काफी देर वह सड़क पर पड़ा रहा, जिससे सड़क खून से सन गई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में चर्बी उबालने की अवैध फैक्ट्री में भड़की आग, 4 दमकल गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू, 10 किमी दूर तक दिखा धुआं
शराब और तेज रफ्तार बनी दुर्घटना का कारण
उधर दूसरी बाइक पर सवार 41 वर्षीय सुनील सिरोते अपने साथी खेमचंद के साथ सब्जी लेने के लिए बावड़ियाकलां स्थित घर से दानापानी रोड आया था। बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले वह शराब दुकान भी गया था। वहां से शराब पीने के बाद खेमचंद के साथ लौट रहा था। घायल खेमचंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों ही बाइक तेज रफ्तार में थीं। सड़क पर अंधेरा था, वे बात करते हुए जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हुई थी। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले हैं।