
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल के घनी आबादी वाले इलाके बाग उमराव दूल्हा स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर संचालित हो रही अवैध फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें 10 फीट ऊपर तक उठ रही थीं और धुआं 10 किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक मकान में अचानक आग की लपटें निकलती नजर आईं। यह आग मकान की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जिसमें रहवासी इलाके के बीचों-बीच अवैध रूप से फैक्ट्री चल रही थी। इस फैक्ट्री में चर्बी उबाल कर उससे तेल अलग किया जा रहा था। साथ ही चर्बी से निकला तेल भी वहीं पर रखा हुआ था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
देखते ही देखते आग फैलने लगी। तेल होने की वजह से पूरे इलाके में धुआं ही धुआं हो गया। आग की लपटें भी 10 फीट तक ऊपर उठने लगीं। रहवासी इलाका होने से आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि 10 किलोमीटर दूर से भी धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, बाग उमराव दूल्हा का रास्ता संकरा होने के चलते दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
संकरी गलियां और फायर ब्रिगेड की लाचारी ने एक बार फिर ऐशबाग और बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र के अनियोजित विकास की पोल खोल दी है। रास्ते इतने संकरे थे कि सूचना मिलने के बावजूद चार दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में पसीना आ गया। यदि आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मीट की दुकान तक पहुंच जाती, तो जनहानि को रोकना नामुमकिन होता।
यह भी पढ़ें- भोपाल नगर निगम का चला हथौड़ा, कोलार से करोंद तक हटाए अवैध शेड और रैंप, सड़क पर खड़े वाहन भी जब्त
हैरानी की बात यह है कि यह घटना उस समय हुई जब मात्र दो दिन पहले ही खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अशोका गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों और नियमों के विरुद्ध चल रही फैक्ट्रियों पर सख्त नाराजगी जताई थी। उन्होंने एडीएम सुमित पांडे को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे और तहसीलदार करुणा दंडोतिया को नोटिस जारी करने को कहा था। इसके बावजूद, घनी बस्तियों के बीच इस तरह की खतरनाक गतिविधियों का संचालन नगर निगम और प्रशासन की मॉनिटरिंग पर सवाल खड़े करता है।
मकान की दूसरी मंजिल पर आग लगी थी। मकान में चर्बी को उबाला जा रहा था, जिससे आग फैल गई। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया। आग संभवतः शार्ट सर्किट के कारण लगी होगी। - सौरभ पटेल, फायर ऑफिसर, नगर निगम