
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ समाज को जागरूक करने के लिए भोपाल रेल पुलिस ने सोमवार को एक अनूठी पहल की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशव्यापी 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (रेलवे) अंकित जायसवाल के नेतृत्व में यहां एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई, जिसमें 300 से अधिक लोगों ने एकजुट होकर नशा मुक्ति का संकल्प लिया।
इस विशेष अभियान के दौरान स्टेशन का नजारा पूरी तरह बदला हुआ था। हाथों में जागरूकता तख्तियां और बैनर थामे स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन पर काम करने वाले कुलियों और वेंडरों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हाथ मिलाया। पूरा स्टेशन परिसर 'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो' और 'नशे से दूरी है जरूरी' जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल की सड़कों पर दौड़ीं नई ई-बसें, 40 किलोमीटर का पहला ट्रायल रन रहा सफल, हाईटेक फीचर्स से लैस है फ्लीट
आयोजन को संबोधित करते हुए एसपी रेल अंकित जायसवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' को एक सामाजिक आंदोलन बताते हुए कहा कि यह मानव श्रृंखला हमारे एकजुट संकल्प का प्रतीक है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू सिंह ठाकुर, डीएसपी रामस्नेही चौहान सहित जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, जिन्होंने आमजन के साथ मिलकर नशा-मुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया।