
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एयरपोर्ट रोड पर बकरा मार्केट के आगे कट प्वाइंट से मुड़ रही कार में तेज रफ्तार बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक चला रहे 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उसके दो दोस्त घायल हो गए। तीनों रात करीब एक बजे दोस्तों के साथ परवलिया सड़क स्थित ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। गांधीनगर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक मुजम्मिल शाहजहांनाबाद का रहने वाला था। वह अपने दोस्त अयान और रजा के साथ बाइक से जा रहा था। पीछे से उनके तीन अन्य दोस्त भी एक बाइक से आ रहे थे। एयरपोर्ट रोड पर बकरा मार्केट के आगे कट प्वाइंट पर एक कार चालक अचानक मुड़ने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक कार में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे मुजम्मिल को गंभीर चोटें आईं। हादसे में अयान और रजा भी घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- अब 6 मिनट में चार्ज होंगे इलेक्ट्रिक वाहन, आइसर भोपाल के विज्ञानियों ने तैयार किया सोडियम-आयन बैटरी
थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि घटना के बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने मुजम्मिल को मृत घोषित कर दिया। अयान और रजा टीलाजमालपुरा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने घायल रजा के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।