
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है। डीआरआई और पुलिस की कार्रवाइयों में खुलासा हुआ है कि दिल्ली से बसों के जरिए एम्फेटामाइन की करोड़ों रुपये की खेप भोपाल पहुंच रही है, जबकि ट्रेन से कोकीन की तस्करी की जा रही है। ईदगाह हिल्स में चरस, गांजा और प्रतिबंधित इंजेक्शन का जखीरा भी पकड़ा गया है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद जिला प्रशासन ने नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी की है।
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी और वितरण पर रोक लगाने तथा नशामुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय एनकार्ड (नार्को कोआर्डिनेशन सेंटर) समिति की बैठक हुई।
एडीएम महेंद्र कबचे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार व पुनर्वास के लिए विभागों के बीच समन्वय पर चर्चा हुई। एडीएम ने निर्देश दिए कि कार्रवाई के साथ जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया जाए।
डीआरआई के डिप्टी कमिश्नर उत्सव पाराशर ने भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में तस्करी के खिलाफ हुई कार्रवाइयों की जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर बस, रेलवे स्टेशन और अन्य परिवहन माध्यमों से तस्करी करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है।
शिक्षण संस्थानों की एंटी-ड्रग कमेटियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। सामाजिक न्याय विभाग, पुलिस और नारकोटिक्स विभाग मिलकर जागरूकता अभियान चलाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टल के विद्यार्थियों, नागरिकों तथा भोपालवासियों की सहभागिता से नशामुक्ति की शपथ और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिले के सभी शासकीय और निजी नशामुक्ति केंद्रों की अद्यतन सूची रखने, नियमित निरीक्षण करने तथा वहां उपचार और पुनर्वास सुविधाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उपचाररत लोगों की प्रगति और पुनर्वास गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें- MP के 7 प्रमुख GRP थानों में निरीक्षक के पद नहीं, रानी कमलापति समेत कई थानों की कमान SI के हाथ