भोपाल में 1 से 12 जून तक होगी अग्निवीर ऑनलाइन परीक्षा, क्लर्क पदों के लिए पहली बार होगा ये टेस्ट; एडमिट कार्ड जारी
अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) एक से 12 जून तक भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगा। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 09:13:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 09:13:04 PM (IST)
अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन सीईई परीक्षा एक से 12 जून तक होगी नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए “ज्वाइन इंडियन आर्मी” की वेबसाइट पर पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) एक से 12 जून तक भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगा।
एडमिट कार्ड जारी
इस वर्ष से अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर (टेक्निकल) के पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही लिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जहां से अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पहला केंद्र आईओएन डिजिटल जोन प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसायटी, कोकता बायपास, रायसेन रोड और दूसरा केंद्र आईओएन डिजिटल जोन आरजीपीएम, सांखेड़ी, दानिश कुंज, कोलार रोड पर स्थित है।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी
सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और चयन केवल मेरिट के आधार पर किया जाता है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को दलालों और धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- MP बोर्ड के मूल्यांकन में गड़बड़ी... 12वीं की छात्रा ने मंडल को दी चुनौती, 18 हजार से ज्यादा स्टूडेंट परेशान