
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हमीदिया अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही एम्बुलेंस ने महिला समेत सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। पुलिस ने एम्बुलेंस जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ईटखेड़ी के अरवलिया निवासी पूजा अहिरवार (29) अपने पति रितिक अहिरवार का इलाज कराने जेठ दुलीचंद अहिरवार के साथ हमीदिया अस्पताल आई थीं। शनिवार शाम करीब 7:40 बजे उनके पति और जेठ अस्पताल के अंदर थे, जबकि पूजा इमरजेंसी वार्ड के बाहर गेट के पास सामान के साथ खड़ी थीं।
इसी दौरान सरकारी एम्बुलेंस का चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए पहुंचा और पूजा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास खड़े अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में पूजा के सिर और दाहिने पैर में चोट आई। इसके अलावा सोनू रैकवार (30) के पैर, 18 माह की आलिया के सिर, मुस्तकीन (6) के पैर, नीतू रैकवार (35) की कमर, सबीना खान (30) के सिर तथा गुड्डी अहिरवार (45) के दाहिने पैर में चोटें आईं।
सभी घायलों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर एम्बुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों को घायल करने का मामला दर्ज किया है। चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में MBBS डॉक्टर से 97 हजार की ठगी... राजस्थान से 2 अरेस्ट, किराए के खातों से चल रहा था नेटवर्क