
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। दतिया उपचुनाव में टिकट न दिए जाने पर शुक्रवार रात दतिया में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पूर्व गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा शनिवार शाम भोपाल पहुंचे। मीडिया से चर्चा में नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के हिंसक विरोध को गलत बताया।
उन्होंने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। उन्हें पार्टी का निर्णय स्वीकार है, पार्टी जो भी फैसला करती है, वह सही होता है और इसे मानना चाहिए। कार्यकर्ताओं में जो नाराजगी दिख रही है, वह क्षणिक आवेश है, धीरे-धीरे सब सामान्य हो जाएगा।
पार्टी के किसी बड़े नेता से बात होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरा मोबाइल बंद था, किसी भी वरिष्ठ नेता ने अब तक बात नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने जिनको (आशुतोष तिवारी) को टिकट दिया है, उनको जिताएंगे।
मैं हमेशा संगठन के आदेश का पालन करूंगा, पार्टी आगे जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। इसके बाद देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल नरोत्तम मिश्रा को लेकर सीएम आवास पहुंचे।