
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मानदेय वृद्धि, नियमितीकरण और कार्यस्थल पर सुरक्षा जैसी लंबित मांगों का जल्द निराकरण हो सकता है। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध प्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि न्यायसंगत एवं व्यावहारिक मांगों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
बैठक में ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें अनावश्यक प्रक्रियात्मक देरी नहीं होनी चाहिए।
सोमवार को मंत्रालय में हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय में वृद्धि, नियमितीकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
विभागीय मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल जैसी जिम्मेदारियों के निर्वहन में बड़ा योगदान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मांग का नियमानुसार परीक्षण करें और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो।
यह भी पढ़ें- एसएसबी जवान ने गला घोंटकर की पत्नी की हत्या, ससुराल वालों से कहा- हार्ट अटैक से मौत, बेटी ने खोला राज
इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह, प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की प्रदेश महामंत्री सुनीता त्रिपाठी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।