
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में आयुष्मान योजना को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के लिए हर जिले में जिला क्रियान्वयन इकाई बनाई गई है। यह टीम आयुष्मान कार्ड बनाने, ई-केवाईसी करने, अस्पतालों का पंजीकरण करने और मरीजों को डिजिटल सेवा से जोड़ने का काम देखेगी।
पहले कार्ड बनवाने के लिए मरीजों को बार-बार दफ्तर जाना पड़ता था और अस्पताल में दस्तावेज दिखाने में समय लगता था। अब कार्ड और ई-केवाईसी पूरा होने पर अस्पताल में पात्रता की जांच तुरंत हो सकेगी। मरीज का पुराना रिकार्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे दोबारा इलाज के समय डाक्टर को आसानी होगी।
आयुष्मान भारत निरामयम मध्य प्रदेश के सीईओ अरविंद शाह ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को बिना रुकावट इलाज उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, ई-केवाईसी और डिजिटल रिकार्ड से यह जांचना संभव होगा कि इलाज सही व्यक्ति को मिला है या नहीं। इससे डॉक्टर को सही दवा और जांच चुनने में मदद मिलेगी, गलत इलाज की आशंका घटेगी और मरीजों को बार-बार वही कागज नहीं दिखाने पड़ेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म की राशि अटकी, भोपाल समेत 13 जिलों में काम शून्य, वजह आई सामने
अरविंद शाह ने कहा कि पात्र परिवारों के कार्ड बनाने के लिए गांवों और शहरों में अभियान चलेगा। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्रता की जांच करेंगी और कार्ड बनवाने में मदद देंगी। हर तीन माह में जिला कार्यकारी परिषद कार्डों की संख्या, जुड़े अस्पतालों, मरीजों की संतुष्टि और शिकायतों की समीक्षा करेगी। कमी मिलने पर सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। शाह ने पात्र परिवारों से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाने और ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की।