
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एयर टर्बाइन फ्यूल महंगा होने का असर हवाई किराये पर नजर आने लगा है। भोपाल से विभिन्न शहरों तक किराया लगातार बढ़ रहा है। इस बार एयरलाइंस कंपनियों ने कुछ सेक्टर पर लो फेयर स्कीम शुरू की, पर इसमें भोपाल शामिल नहीं था। उड़ानों की संख्या भी कम हो गई। इस कारण भी यात्रियों को प्रतिस्पर्धा वाले किराये में सीटें नहीं मिल पा रही हैं। मानसून को ऑफ सीजन माना जाता है, फिर भी सस्ते टिकट नहीं हैं।
मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण इस साल की शुरुआत के साथ ही कच्चे तेल के दाम बढ़ने लगे। इसका असर हवाई किराये पर पड़ा। एयर टर्बाइन फ्यूल महंगा होते ही एयरलाइंस कंपनियों ने सस्ते किराये वाली सीटों की बुकिंग बंद कर दी। कुछ समय पहले कच्चा तेल सस्ता हुआ लेकिन टिकट सस्ते नहीं हुए। अब एक बार फिर से कच्चा तेल महंगा होने लगा है। नतीजा यह निकला है कि किसी भी रूट पर सस्ते टिकट नहीं हैं। सर्वाधिक आवाजाही वाले दिल्ली रूट पर भी न्यूनतम किराया साढ़े चार हजार रुपये से अधिक है।
आमतौर पर एयरलाइंस कंपनियों के बीच सर्वाधिक आवाजाही वाले रूट पर प्रतिस्पर्धा रहती है, पर भोपाल के यात्रियों को इसका लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। वजह है उड़ानों की संख्या कम होना। हाल के दिनों में भोपाल से उड़ानों की संख्या कम हुई है। उड़ानें 18 से कम होकर 13 रह गई हैं। दिल्ली जैसे सबसे पसंदीदा रूट पर उड़ानें घट गई हैं।
इस बार लो फेयर स्कीम भी जारी नहीं की गई। आमतौर पर मानसून में कम यात्री सफर करते हैं, इसे देखते हुए कंपनियां 30 दिन से अधिक समय पहले बुकिंग कराने पर सस्ते टिकट देती हैं। इस बार युद्ध के माहौल के कारण किसी भी कंपनी ने ऐसी स्कीम जारी नहीं की है। यहां से एयर इंडिया एवं इंडिगो दो ही एयरलाइंस ऑपरेटर हैं। यात्रियों की औसत संख्या पांच हजार से घटकर साढ़े तीन हजार रह गई है।
भोपाल में एटीएफ पर टैक्स पहले 25 प्रतिशत था, अब चार प्रतिशत है। एयरलाइंस कंपनियों के लिए यह बड़ी राहत है, पर इसका लाभ आम यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी एयरलाइंस कंपनियों को नाइट पार्किंग सुविधा भी दे रही है। डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी के अनुसार भोपाल में नाइट पार्किंग सुविधा शुरू हो चुकी है। किराया तय करना एयरलाइंस कंपनियों का अधिकार है। ट्रैवल्स एजेंट ओमप्रकाश शेरू के अनुसार काफी समय से प्री-बुकिंग पर भी किराया पहले से अधिक है।
यह भी पढ़ें- MP High Court का बड़ा फैसला, समझौते के बाद दहेज केस जारी रखना उत्पीड़न; पति और परिजन के खिलाफ FIR रद्द
| शहर | स्पॉट फेयर | 15 दिन प्री-बुकिंग फेयर |
| दिल्ली | 4937 रु | 4937 रु |
| मुंबई | 7076 रु | 5902 रु |
| हैदराबाद | 13572 रु | 6849 रु |
| बेंगलुरु | 9885 रु | 6567 रु |
| अहमदाबाद | 10809 रु | 5324 रु |
| पुणे | 7879 रु | 6514 रु |
| रायपुर | 6619 रु | 4939 रु |
| नोएडा | 6619 रु | 4939 रु |
नोट: किराया ट्रैवल्स एजेंटों के अनुसार। बुकिंग के समय किराये में बदलाव हो सकता है।