भोपाल में चोरी के शक में दुकानदार की बर्बरता, नाबालिग को बंधक बनाकर पीटा, छुरी से किए 19 वार
शाहजहांनाबाद में बर्गर दुकान संचालक ने वजन मशीन चोरी के शक में एक नाबालिग को दुकान में बंद कर बर्बरता से पीटा। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 10:18:11 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 11:20:02 PM (IST)
भोपाल में चोरी के शक में बर्गर संचालक की बर्बरता। (नईदुनिया)HighLights
- चोरी के शक में नाबालिग की पिटाई।
- दुकान संचालक ने छुरी से किए वार।
- बच्चे को दुकान में बंद कर पीटा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। वजन मशीन चोरी होने का शक एक बर्गर दुकान संचालक पर इस कदर हावी हुआ कि उसने कानून हाथ में लेकर नाबालिग पर बेरहमी से हमला कर दिया। शाहजहांनाबाद थाने से चंद कदम दूर स्थित दुकान में बच्चे को बंद कर पीटा गया।
घटना के दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए हैं। करीब 10 मिनट 54 सेकंड के एक वीडियो में आरोपित छुरी से बच्चे पर 19 बार वार करता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में उसे 10 से 12 थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। बच्चा छोड़ने और रहम करने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपितों ने उसकी एक नहीं सुनी।
शटर गिराकर की मारपीट, दो अन्य भी थे मौजूद
- वायरल वीडियो शाहजहांनाबाद स्थित मरहबा बर्गर ट्विस्टर दुकान के बताए जा रहे हैं। दुकान संचालक मुबीन पर आरोप है कि उसने वजन मशीन चोरी के संदेह में बच्चे को पकड़कर दुकान में बंद किया और शटर गिरा दिया। इसके बाद छुरी दिखाकर डराया और मारपीट की।
- उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग भी बच्चे को धमकाते रहे। उस पर दूसरी जगहों से चोरी का सामान बेचने के आरोप भी लगाए गए। एक वीडियो में मुबीन उस व्यक्ति से मोबाइल पर बात करता दिख रहा है, जिसने बच्चे को दुकान पर काम दिलवाया था।
यह भी पढ़ें- Bhopal में दिनदहाड़े 17.90 लाख की लूट, बकरा कारोबारी से पैसे छीनकर भागे 4 बदमाश
दो दिन बंधक रखने का भी आरोप
आरोप है कि नाबालिग को दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और खाना-पानी तक नहीं दिया गया। हालांकि, इसकी पुष्टि होना बाकी है। वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार देर रात पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मारपीट और गाली-गलौज का केस दर्ज किया। थाना प्रभारी यूपीएस चौहान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मारपीट करने वाले की पहचान कर ली गई है। पुलिस बच्चे के स्वजन से संपर्क कर रही है। उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।