भोपाल का 'मिशन क्लीन', रंगपंचमी का जुलूस खत्म होते ही नगर निगम की टीमों ने सड़कों से हटाया गुलाल और कचरा
राजधानी भोपाल में रंगपंचमी के जुलूस और उत्सव के बीच नगर निगम ने स्वच्छता अभियान चलाकर सड़कों को कुछ ही घंटों में साफ कर दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Mar 2026 10:17:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Mar 2026 10:18:16 PM (IST)
भोपाल का 'मिशन क्लीन'HighLights
- रंगपंचमी के जुलूस के बाद भोपाल में चला विशेष सफाई अभियान
- 100 से अधिक सफाई मित्रों ने मुख्य बाजारों में संभाला मोर्चा
- 200 से ज्यादा वाहनों से शहर भर का कचरा तुरंत उठाया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल में रंगपंचमी के जुलूस और उत्सव के बीच नगर निगम ने स्वच्छता अभियान चलाकर सड़कों को कुछ ही घंटों में साफ कर दिया। स्वच्छता रैंकिंग में शहर की साख बनाए रखने के लिए नगर निगम ने रंगपंचमी के दौरान विशेष सफाई व्यवस्था की थी। जुलूस खत्म होते ही सफाई मित्रों की टीमों ने तुरंत सड़कों पर फैले रंग, गुलाल और कचरे को साफ करना शुरू कर दिया।
नगर निगम ने रिहायशी कॉलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों तक विशेष सफाई अभियान चलाया। पुराने शहर के लोहा बाजार, जुमेराती, सिंधी मार्केट और भवानी चौक जैसे सघन इलाकों में जुलूस समाप्त होने के तुरंत बाद 100 से अधिक सफाई मित्रों ने सफाई का मोर्चा संभाल लिया।
अलग-अलग जोनों की टीमों ने संभाली जिम्मेदारी
नगर निगम के जोन दो, चार और पांच की विशेष टीमों ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों की देखरेख में सफाई कार्य किया। सुभाष चौक, चौक बाजार और हनुमानगंज जैसे व्यस्त इलाकों को करीब 30 मिनट के भीतर साफ कर दिया गया। इसके लिए 30 सफाई मित्रों और पांच विशेष वाहनों की टीम तैनात की गई थी।
200 से ज्यादा वाहनों से उठाया गया कचरा
शहर भर से कचरा उठाने के लिए 200 से अधिक कचरा संग्रहण वाहनों को लगाया गया था, ताकि रंगपंचमी के उत्सव के बाद सड़कों पर कचरा जमा न रहे। अधिकारियों के अनुसार रंग और फूलों से जुड़े कचरे को तुरंत ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजकर निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।