भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद, श्रीनगर में तैनात एयरफोर्स जवान से लूट, माथे पर लगी चोट
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी इलाके में बीती रात ड्यूटी से छुट्टी पर आए वायु सेना के जवान अमन तिवारी के साथ हुई लूट ने भोपाल पुलिस ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Feb 2026 11:58:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 04:17:21 AM (IST)
भोपाल में श्रीनगर में तैनात एयरफोर्स जवान से लूट (AI Generated Image)HighLights
- भोपाल में एयरफोर्स जवान से लूट
- बाइक सवार बदमाशों ने बैग छीना
- जवान के माथे पर चोट आई है
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में पुलिस का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि अब सड़कों पर देश की रक्षा करने वाले जवान भी महफूज नहीं हैं। बीती रात ड्यूटी से छुट्टी पर आए वायु सेना के जवान अमन तिवारी के साथ हुई लूट ने भोपाल पुलिस की मुस्तैदी के दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं।
श्रीनगर में तैनात एयरमैन अमन तिवारी अपने दोस्त से मिलकर बस स्टॉप की ओर जा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। सरेराह हुई इस छीना-झपटी में जवान घायल हो गए, उनके माथे पर चोट लगी है।
पुलिस के अनुसार गणेश मंदिर रोड कुशवाह धर्म कांटा के पास सीहोर निवासी 29 वर्षीय अमन तिवारी, जो श्रीनगर में एयरफोर्स में एयरमैन के पद पर तैनात हैं, वर्तमान में अपने पैतृक निवास सीहोर आए हुए हैं। शनिवार रात करीब 10:15 बजे, वह पिपलानी के इंद्रपुरी स्थित मोहिनी परिसर में अपने दोस्त शुभम सक्सेना से मिलकर वापस लौट रहे थे।
अमन जब पैदल बस स्टॉप की ओर जा रहे थे, तभी फोर एम कैफे के सामने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक पीछे से आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर अमन के हाथ से बैग छीन लिया। छीना-झपटी के दौरान जवान सड़क पर गिर गए, जिससे उनके माथे पर चोट आई है।
लूटे गए बैग में उनकी आईडी से लेकर दस्तावेज
बाइक सवार बदमाशों ने लुटे गए बैग में सेना और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, जिसमें एयरफोर्स आईडी कार्ड और कैंटीन कार्ड, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस था। इसके अलावा उनका मोबाइल के साथ 500 रुपये नकद और कपड़े रखे थे।
यह भी पढ़ें- इंदौर नगर निगम की स्ट्राइक... पार्किंग की जगह चल रही थीं क्लास, स्कॉलर्स और विद्यापीठ कोचिंग के बेसमेंट सील
घटना के बाद बाइक सवार बदमाश अंधेरा होने और अचानक हुई घटना के कारण वह मोटरसाइकिल का नंबर या बदमाशों का हुलिया ठीक से नहीं देख पाए। वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपित सतनामी नगर की तरफ भाग निकले। पिपलानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों का सुराग लगाया जा सके।