
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अयोध्या नगर इलाके में अनंतश्री अस्पताल के एक डॉक्टर ने इलाज के दौरान पहचान में आई विवाहिता से छेड़छाड़ की। महिला ने डॉक्टर का नंबर ब्लॉक किया तो उसने उसके पति और देवर से संपर्क कर उसके चरित्र को लेकर बातें करना शुरू कर दिया। परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की।
इंस्टाग्राम चैट समेत अन्य साक्ष्य मिलने के बाद अयोध्या नगर पुलिस ने डॉक्टर अनूप नाथ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय महिला की कुछ समय पहले तबीयत खराब हुई थी। उसने अनंतश्री अस्पताल में डाक्टर अनूप नाथ से इलाज कराया था। इस दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर लिए। शुरुआत में डॉक्टर बीमारी की स्थिति पूछने के बहाने बात करते थे, लेकिन बाद में देर रात भी फोन करने लगे। परेशान होकर महिला ने उनका नंबर ब्लाक कर दिया।
इसके बाद भी डॉक्टर ने संपर्क नहीं छोड़ा। महिला का कहना है कि उसने पति और देवर से संपर्क कर उसके चरित्र को लेकर गंभीर बातें कीं। महिला और उसके पति ने भी डाक्टर को ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं रुका।
यह भी पढ़ें- पान थूकने के दौरान जरा सी चूक बनी जानलेवा, भोपाल में पहली मंजिल से गिरकर बुजुर्ग की दर्दनाक मौत