
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी का सार्वजनिक परिवहन अब शहर की सीमा तक सीमित नहीं रहेगा। पीएम ई-बस सेवा के जरिए जल्द ही भोपाल से सीहोर, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, भोजपुर, बिलकिसगंज और आसपास के अन्य क्षेत्रों तक इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी।
पहले चरण की 10 इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं और फिलहाल बैरागढ़ स्थित ई-बस डिपो में खड़ी हैं। नगर निगम और भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) अगले सप्ताह इन्हीं में से दो बसों के साथ ट्रायल रन करेगा। ट्रायल सफल रहने पर 15 अगस्त के बाद चरणबद्ध तरीके से यात्रियों के लिए सेवा शुरू की जा सकती है।
शुरुआत में 100 इलेक्ट्रिक बसें 10 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। पहले चरण में मिलने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसें 20-20 की खेप में आएंगी, जिनमें से 10 बसें आ चुकी हैं। इनमें भोपाल के साथ मंडीदीप, सीहोर, औबेदुल्लागंज, भोजपुर और बिलकिसगंज जैसे आसपास के शहरों और कस्बों को भी जोड़ा जाएगा। अधिकारियों का अनुमान है कि इससे प्रतिदिन 80 हजार से अधिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैरागढ़ स्थित शहर का पहला हाइटेक ई-बस डिपो भी लगभग तैयार हो चुका है। यहां चार्जिंग स्टेशन, कंट्रोल रूम, पार्किंग और मेंटेनेंस सहित अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। फिलहाल अंतिम तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। आगे चलकर परियोजना के तहत कुल 250 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जिनके लिए 26 रूट चिह्नित किए गए हैं। शेष 150 ई-बसें 2027 में आएंगी। हालांकि, अभी ट्रायल रन के लिए रूट फाइनल नहीं हो सका है। इसके लिए चर्चा की जा रही है कि किस रूट पर ट्रायल रन किया जाए।
एक बार चार्ज होने पर 180 किमी चलेगी ई-बस जानकारी के अनुसार, प्रत्येक ई-बस एक बार चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक चलेगी। इनमें 25+1 सीटों की व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, जीपीएस ट्रैकिंग, आईटीएमएस, फायर अलार्म और पैनिक बटन लगाए गए हैं। साथ ही डिजिटल टिकटिंग और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मानिटरिंग की सुविधा भी रहेगी।
पहले चरण की 10 इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं। अगले सप्ताह दो बसों के साथ ट्रायल रन किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि सभी तैयारियां पूरी कर जल्द से जल्द यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ई-बस सेवा उपलब्ध कराई जाए। - अंजू अरुण कुमार, सीईओ, बीसीएलएल
यह भी पढ़ें- 29 साल पुराने पटाखा बाजार पर बड़ा संकट, 15 दुकानें और 5 गोदामों को शिफ्ट करने का अल्टीमेटम, लटकी सीलिंग की तलवार