
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में युवाओं से संवाद बढ़ाने के लिए कांग्रेस जहां छात्रों की गूंज कार्यक्रम जिला स्तर पर करने जा रही है, वहीं सरकार भी युवा संगम का आयोजन करेगी। यह राज्य और जिला स्तर पर होगा।
सितंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य स्तर पर आयोजन की तैयारी है। इसके लिए उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग को नोडल बनाया जा रहा है। उधर, प्रत्येक जिले के रोजगार कार्यालयों द्वारा भी युवा संगम किया जाएगा। इसमें रोजगार मेले होंगे। विभिन्न कंपनियां भाग लेंगी और साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा 2027
सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय किया है। इसमें युवाओं से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी। पहली बार युवा बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार का जोर युवाओं को रोजगार दिलाने के साथ स्वरोजगार के लिए सहायता उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए जहां कौशल विकास के प्रशिक्षण का बड़ा कार्यक्रम हाथ में लिया जा रहा है, वहीं निवेश बढ़ाकर रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा रहे हैं।
दो सालों में ढाई लाख पदों पर होगी भर्ती
सरकारी रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। आने वाले दो सालों में ढाई लाख पदों पर भर्ती की तैयारी है। इसके साथ ही युवाओं से संवाद का कार्यक्रम भी निर्धारित किया जा रहा है। राज्य और जिला स्तर पर युवा संगम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री युवाओं से संवाद करेंगे। इसमें युवाओं की प्राथमिकता, उनकी समस्या आदि विषयों पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल का जानलेवा ऐशबाग ओवरब्रिज... 90 डिग्री 'किलर टर्न' सुधारने पर खर्च होंगे ₹1 करोड़, बनेंगे 2 नए पिलर
उधर, प्रत्येक जिले में रोजगार कार्यालयों द्वारा युवा संगम का आयोजन किया जाएगा। इसमें रोजगार,स्वरोजगार मेले होंगे। भोपाल में 31 अगस्त को इसका आयोजन किया जा रहा है। दो सौ युवाओं को विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार दिलाने का प्रयास होगा।
यह भी पढ़ें- भोपालवासियों को बड़ी राहत, संपत्तिकर में 6% छूट का आखिरी मौका, शनिवार-रविवार को भी खुले रहेंगे जोनल-वार्ड ऑफिस