
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के गौतम नगर इलाके में पिछले दिनों हुई मासूम इब्राहिम की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पिता की लापरवाही और अवैध हथियारों के प्रति उसके खतरनाक रुझान का परिणाम था। पुलिस ने इस मामले में आरोपित पिता रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसे पिस्टल सप्लाई करने वाला उसका बहनोई फिलहाल फरार है।
गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र ठाकुर ने बताया कि बीती 31 जनवरी की रात हमीदिया अस्पताल से बालक इब्राहिम की सिर में गोली लगने से मौत की सूचना मिली थी। शुरुआत में परिवार ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी रची कि इब्राहिम बालकनी में किसी दुर्घटना का शिकार हुआ है। हालांकि, फॉरेंसिक टीम (FSL) की सतर्कता ने झूठ पकड़ लिया। जांच में खून के धब्बे बालकनी के बजाय कमरे के अंदर मिले, जिससे यह साफ हो गया कि घटना घर के भीतर हुई थी।
पुलिस की विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपित पिता रिजवान ने अपने बहनोई वाहिद नूर से एक अवैध .32 बोर की लोडेड पिस्टल ली थी और उसे घर में छिपाकर रखा था। जिस समय घर में मरम्मत का काम चल रहा था, उसी दौरान मासूम इब्राहिम के हाथ वह लोडेड पिस्टल लग गई। खेलते समय अचानक गोली चल गई, जो सीधे इब्राहिम के सिर में लगी। घटना के तुरंत बाद आरोपित पिता ने पुलिस के डर से साक्ष्य मिटाने और घटनास्थल से छेड़छाड़ करने की भी कोशिश की थी।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि गिरफ्तार आरोपित रिजवान पहले से ही इंदौर के एक वन्य जीव संरक्षण मामले में फरार चल रहा था। वहीं, उसे हथियार मुहैया कराने वाला वाहिद नूर बिलखिरिया थाने के एक हत्या जैसे संगीन मामले में लंबे समय से फरार है। पुलिस ने रिजवान के पास से हथियार जब्त कर लिया है और फरार वाहिद की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें- सागर हॉस्टल दुष्कर्म कांड: दरिंदगी वाले दिन ही बंद था CCTV कैमरा, जांच टीम ने फुटेज मांगा तो स्टाफ ने बनाया बहाना
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपित रिजवान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 238 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन आरोपितों के पास अवैध हथियारों का और क्या नेटवर्क है।