
अनुज मैना, नवदुनिया, भोपाल। राजधानी को झुग्गी मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। इस योजना के तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में बसी झुग्गी बस्तियों को हटाकर क्षेत्र पुनर्वास के लिए दानापानी सब्जी फार्म की जमीन पर पक्के आवास तैयार किए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बस्तियों को हटाकर परिवारों को यहां शिफ्ट किया जाएगा।
नगर निगम ने दानापानी सब्जी फार्म की 76.11 हेक्टेयर जमीन पर 21,255 पक्के आवास बनाने की योजना तैयार की है। शासन ने यह जमीन नगर निगम को हस्तांतरित कर दी है। अब निगम इस परियोजना को केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत स्वीकृत कराने की तैयारी में है। योजना को मंजूरी मिलने पर परियोजना की 25 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार से मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माण और पुनर्वास की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
झुग्गी मुक्त भोपाल प्रोजेक्ट के पहले चरण में राजीव नगर, अर्जुन नगर, दानापनी सहित आसपास की अन्य बस्तियों के करीब सात हजार परिवारों को दानापानी सब्जी फार्म की जगह पर बनने वाले आवासों में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों से भी झुग्गियों को हटाकर यहां पक्के आवास प्रदान किए जाने की योजना है।
दानापानी में प्रस्तावित परियोजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी। यहां 76.11 हेक्टेयर क्षेत्र में पूरी आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें स्कूल, कम्युनिटी हाल, शहरी वन और बिजली सब स्टेशन जैसी सुविधाएं भी विकसित करने का प्रस्ताव है।
यह भी पढ़ें- एमपी में खनिज माफिया पर नकेल की तैयारी, संवेदनशील रास्तों पर लगेंगे 20 मैनुअल चेकपोस्ट, होगी सख्त निगरानी
इससे पुनर्वासित परिवारों को आवास के साथ बुनियादी सुविधाएं भी मिल सकेंगी। हालांकि, परियोजना की स्वीकृति, निर्माण और पात्र परिवारों के सत्यापन के बाद ही झुग्गियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
दानापानी सब्जी फार्म की जमीन पर आवासीय टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसमें 21,255 आवास प्रस्तावित हैं। जमीन नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है। परियोजना को अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृति के लिए भेजने की तैयारी है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्ययोजना पर काम किया जाएगा।- तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त, नगर निगम