भोपाल : परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह आज करेंगे फेसलेस सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ, लोगों को मिलेगा घर बैठे सुविधा का लाभ
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कोकता में फेसलेस सेवाओं के विस्तारीकरण का लोकार्पण मंगलवार दोपहर 3 बजे परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह करेंगे। इससे पहले कार्य ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 30 Sep 2025 01:36:13 AM (IST)Updated Date: Tue, 30 Sep 2025 01:39:26 AM (IST)
परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह आज करेंगे फेसलेस सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ नई दुनिया,भोपाल। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कोकता में फेसलेस सेवाओं के विस्तारीकरण का लोकार्पण मंगलवार दोपहर 3 बजे परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह करेंगे। इससे पहले कार्यक्रम में फेसलेस सेवाओं पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा राहवीर पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और हेलमेट का वितरण भी होगा। इस मौके पर परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा, सचिव मनीष सिंह मौजूद रहेंगे। यह जानकारी आरटीओ जीतेंद्र शर्मा ने दी।
क्या लाभ होगा
इसकी शुरुआत से प्रदेश में अब वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, परमिट और टैक्स भुगतान जैसी कई सेवाएं घर बैठे ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। मध्यप्रदेश परिवहन विभाग फेसलेस सेवाओं को बढ़ाने जा रहा है। अब आम लोग आरटीओ जाए बिना घर बैठे ही नया वाहन पंजीकरण, पंजीकरण का नवीनीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, डीएल नवीनीकरण या डुप्लीकेट, कमर्शियल वाहन का परमिट और टैक्स भुगतान कर सकेंगे। दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने के बाद कुछ सवाल पूछे जाएंगे और बिना आरटीओ गए काम हो जाएगा।
समस्याओं से मिलेगा छुटकारा
अभी लर्नर लाइसेंस जैसी सेवाएं ऑनलाइन हैं, लेकिन कई मामलों में व्यक्ति को आरटीओ जाना पड़ता है। फेसलेस सुविधा प्रारंभ होने से लोगों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कार्यालय के बाहर एजेंटों का दखल और वसूली भी घटेगी। दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड होंगे और सेवा भी ऑनलाइन ही प्राप्त होगी।
चेकिंग अभियान
भोपाल। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय भोपाल ने सोमवार को वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 32 वाहनों की जांच की गई। इनमें बीमा एवं अन्य परिवहन नियमों की कमियां पाए जाने पर सात वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई।