शब्दों के फेर में उलझा भोपाल का निशातपुरा स्टेशन: सांसद बोले- 'कल होगा लोकार्पण', रेलवे का दावा- 'सिर्फ ट्रेनों का ठहराव'
सांसद आलोक शर्मा ने स्टेशन के लोकार्पण की घोषणा की, जबकि रेलवे अधिकारियों के अनुसार 28 जुलाई से फिलहाल केवल ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा।
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 09:08:50 AM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 09:08:50 AM (IST)
निशातपुरा स्टेशन को एनएसजी-3 श्रेणी में शामिल कर यात्री सुविधाओं का उन्नयन किया जा रहा है। नईदुनिया।HighLights
- "लोकार्पण" और "ठहराव" की शब्दावली में उलझा निशातपुरा स्टेशन
- स्टेशन पर 28 जुलाई से फिलहाल केवल ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा
- कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसद, विधायक होंगे शामिल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल मंडल का निशातपुरा रेलवे स्टेशन लंबे इंतजार के बाद शुरू होने को तैयार है। लेकिन यह औपचारिकता लोकार्पण और ठहराव जैसे तकनीकी शब्दों में उलझती दिख रही है। सांसद आलोक शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम 4:30 बजे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
वहीं रेलवे अधिकारियों का कहना है कि 28 जुलाई को लोकार्पण नहीं केवल मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव यहां दिया जाएगा।
तीन साल बाद खुल रहा स्टेशन
बता दें कि जून 2023 में बनकर तैयार हुए इस स्टेशन पर सभी आधारभूत सुविधाएं होने के बावजूद करीब तीन वर्षों तक यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। अब स्टेशन यात्रियों के लिए खोला जा रहा है और इसके साथ ही यह भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा। प्रारंभिक चरण में दोनों ट्रेनों का स्टापेज यहीं रहेगा, जबकि भोपाल स्टेशन से उनका ठहराव समाप्त कर दिया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम होगा। वर्तमान में भोपाल स्टेशन से प्रतिदिन करीब 230 ट्रेनें गुजरती हैं और लगभग 45 हजार यात्री आवाजाही करते हैं। मालवा एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों का ठहराव निशातपुरा होने से सुबह-शाम परिचालन अधिक सुगम होगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
इन ट्रेनों को मिलेगा हाल्ट
इंदौर–बरेली एक्सप्रेस
डॉ. अंबेडकर नगर–प्रयागराज जंक्शन एक्सप्रेस
इंदौर–हरिद्वार एक्सप्रेस
अहमदाबाद–पटना एक्सप्रेस
भोपाल–बीना मेमू
इंदौर–राजेंद्र नगर एक्सप्रेस
निशातपुरा एनएसजी-3 कैटेगरी का स्टेशन होगा
निशातपुरा स्टेशन को अब एनएसजी-3 (नान-सबअर्बन ग्रेड-3) श्रेणी में शामिल किया गया है। इसके तहत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम समेत यात्री सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। नवंबर 2017 में रेलवे ने स्टेशनों का वर्गीकरण यात्रियों की संख्या के आधार पर संशोधित किया था। इससे पहले निशातपुरा स्टेशन सी कैटेगरी में शामिल था।