
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैंक उपभोक्ताओं और आम जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई मैराथन बैठक के बाद बैंकों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को टालने का निर्णय लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच बैंक सुधारों, 5-डे बैंकिंग और अधिकारियों के इंसेंटिव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है।
Bank strike deferred after the meeting between the Indian Banks' Association (IBA) and the United Forum of Bank Unions (UFBU) tonight. pic.twitter.com/SPJUwp63p2
— ANI (@ANI) September 27, 2026
रविवार रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में बैंक यूनियनों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। शनिवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित करने (5-डे बैंकिंग) के मुद्दे पर IBA और UFBU मिलकर एक हाई लेवल कमेटी का गठन करेंगे।

यह समिति सभी व्यावहारिक विकल्पों और संभावनाओं का अध्ययन करेगी तथा विभिन्न हितधारकों से चर्चा कर ऐसा समाधान निकालेगी, जिससे बैंक कर्मचारियों की मांग भी पूरी हो सके और ग्राहकों को भी किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू 'परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव' (PLI) स्कीम को लेकर यूनियनों की आपत्तियों पर भी बात हुई। IBA और यूनियनों के सुझावों के आधार पर PLI स्कीम में आवश्यक बदलाव का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति बनी है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 7 महीने से अटके आयुष्मान भुगतान जारी करने की मांग, डॉक्टरों-कर्मचारियों के वेतन और दवाओं के अटके हैं पैसे
इसके साथ ही 8 मार्च 2024 की पिछली बैठक के मिनट्स में दर्ज शेष लंबित मुद्दों के समाधान के लिए भी द्विपक्षीय बातचीत जारी रखने का फैसला लिया गया है। सकारात्मक रुख और समझौतों को देखते हुए UFBU ने अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल के फैसले को वापस ले लिया है।