भोपाल में 'जॉब फ्रॉड'... बुल्गारिया भेजने के नाम पर रंगकर्मी को पुजारी ने लगाया चूना, डेढ़ लाख रुपये हड़पे
यूरोप के देश बुल्गारिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शहर के एक रंगकर्मी से डेढ़ लाख रुपये की ठगी हुई है। रंगकर्मी के एक परिचित पुजारी ने उनके इकलौते ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 06:05:54 PM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 06:05:53 PM (IST)
भोपाल में 'जॉब फ्रॉड'नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। यूरोप के देश बुल्गारिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शहर के एक रंगकर्मी से डेढ़ लाख रुपये की ठगी हुई है। रंगकर्मी के एक परिचित पुजारी ने उनके इकलौते बेटे को बुल्गारिया में आकर्षक नौकरी का वादा किया था। इसके लिए फीस और वीजा के नाम पर दस दिन के भीतर डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन सालभर बीत जाने के बाद न तो ऑफर लेटर मिला और न ही रुपये वापस, जिसके बाद रंगकर्मी ने बैरागढ़ थाने में शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिचित पुजारी ने बेटे के भविष्य का दिखाया सपना
एसआइ सचिन वर्मा के अनुसार एयरपोर्ट रोड स्थित पंचवटी कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय कमलेश कुमार पेशे से रंगकर्मी हैं। बैरागढ़ में रहने वाले एक पुजारी मुकेश शर्मा से उनका पूर्व का परिचय है। मुकेश ने करीब एक साल पहले कमलेश के बेटे रितेश को यूरोपीय देश बुल्गारिया में नौकरी का झांसा दिया। जिसमें आकर्षक वेतन और तमाम सुख-सुविधाओं का जिक्र किया था। नौकरी के लिए आवश्यक वीजा और तमाम फीसों के नाम पर मुकेश ने कमलेश से करीब डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए।
मार्च 2025 में वसूली राशि, सालभर बाद भी नहीं मिला रिफंड
यह राशि उन्होंने मार्च 2025 में महज दस दिन में वसूल ली। कुछ ही दिनों में उन्हें नौकरी का ऑफर लेटर देने की बात कही गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद जब नौकरी की कोई सूचना नहीं आई तो कमलेश ने फीस के नाम पर दी गई राशि वापस मांगी, जिसे लेकर मुकेश टालमटोल करते रहे। इसके बाद कमलेश ने बैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- धार भोजशाला केस: 'हर सर्वे में मिलीं मूर्तियां और संस्कृत श्लोक', एमपी हाई कोर्ट में ASI ने रखा अपना पक्ष