भोपाल में पोस्ट बढ़ाने की मांग लेकर जुटे TET अभ्यर्थी, बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पुलिस ने रोका
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल तैनात किया गया। अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें वहीं रोक दिया गया।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 02:17:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 02:28:36 PM (IST)
पुलिस ने अभ्यर्थियों को बेरिकेड्स लगाकर आगे जाने से रोका। नईदुनिया।HighLights
- वर्ग 2 और वर्ग 3 शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थी प्रदेशभर से भोपाल पहुंचे
- बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जुटकर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की
- पुलिस ने चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे जाने से रोक दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। शनिवार को प्रदेशभर से आए वर्ग 2 और वर्ग 3 के चयनित अभ्यर्थियों ने भोपाल के एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पद वृद्धि की मांग को लेकर जुटे अभ्यर्थी
मप्र वर्ग 2 और वर्ग 3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने (पद वृद्धि) की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह से ही बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एकत्र हुए हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं, इसके बावजूद योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है। अपनी इस जायज मांग को लेकर अभ्यर्थी शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने एमपी नगर के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर मजबूत बैरिकेडिंग की और चारों तरफ से घेरा बना लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स के पास ही रोक दिया और उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी।
यातायात व्यवस्था प्रभावित
पुलिस की सख्त घेराबंदी के कारण प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। प्रदर्शन के चलते बोर्ड ऑफिस चौराहे और आसपास के मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।