भोपाल RGPV पेपर चोरी मामला: ऐन वक्त पर स्थगित करनी पड़ी परीक्षा, कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक को दिया नोटिस, एफआईआर दर्ज
प्रश्नपत्रों के नौ बंडल गायब पाए जाने के बाद शुक्रवार को होने वाली पीजी चतुर्थ सेमेस्टर (एआईएमएल) की परीक्षा ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई। कुलपति ने परी...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 05 Jul 2026 08:10:34 AM (IST)Updated Date: Sun, 05 Jul 2026 08:10:34 AM (IST)
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- प्रश्नपत्र चोरी के बाद पीजी परीक्षा ऐन वक्त पर स्थगित
- कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक को नोटिस, एफआईआर दर्ज
- सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, एफएसएल जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में प्रश्नपत्र चोरी हो गए। यहां परीक्षा शाखा से नौ विषयों के प्रश्नपत्रों के नौ बंडल गायब पाए जाने के बाद शुक्रवार को होने वाली पीजी चतुर्थ सेमेस्टर (एआईएमएल) की परीक्षा ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई।
मामले में कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक को नोटिस जारी किया है। गांधीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अलमारी से गायब मिले पेपर
ये प्रश्नपत्र 240 विद्यार्थियों को वितरित किए जाने थे। स्कूल ऑफ बायोमालिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी स्थित परीक्षा शाखा में ये पेपर रखे गए थे। अधिकारी-कर्मचारी शुक्रवार सुबह 9.30 बजे पहुंचे तो मुख्य चैनल गेट पर ताला लगा था, लेकिन अंदर अलमारी खुली मिली और उसमें रखे प्रश्न पत्र गायब थे।
जांच में पता चला कि एक खिड़की भी टूटी है। कुलपति प्रो. आलोक शर्मा ने यूटीडी की परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तिवारी को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इसमें समुचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गोपनीय प्रश्नपत्र जहां रखे जाते हैं, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का अभाव सामने आया है। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने पेपल लीक होने का लगाया आरोप
शनिवार को जांच की कड़ी में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां कोई सीसीटीवी कैमरा लगा नहीं पाया। न ही घटना का कोई वीडियो मिला है। उधर, कांग्रेस नेता अरुण सुभाष चंद्र यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कहा कि यह मामला प्रश्न पत्र चोरी का नहीं, बल्कि पेपर लीक होने का है।