
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चरापल्ली-गोरखपुर रूट पर नियमित आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब तक स्पेशल के रूप में चल रही यह ट्रेन 2 अक्टूबर से नियमित चरापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में दौड़ेगी। ट्रेन को हर सप्ताह चलाने का निर्णय लिया गया है और इसका ठहराव भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर रहेगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश के साथ दक्षिण भारत की ओर आने-जाने के लिए नियमित और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा और किराए में भी राहत मिलेगी।
गाड़ी संख्या 07075/07076 पहले चरापल्ली-गोरखपुर-चरापल्ली स्पेशल के रूप में संचालित होती थी। अब रेलवे ने इसे नियमित ट्रेन का दर्जा देकर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। 2 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार चरापल्ली से 22075 रवाना होगी, जबकि वापसी में 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार 22076 गोरखपुर-चरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी। नियमित संचालन होने से यात्रियों को इस रूट पर हर सप्ताह यात्रा का भरोसेमंद विकल्प मिलेगा।
चरापल्ली से चलने वाली ट्रेन इटारसी में रात 12:05 बजे, भोपाल में दोपहर 1:50 बजे और बीना में शाम 4 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे चलकर ट्रेन बीना रात 9:10 बजे, भोपाल रात 11:05 बजे और अगले दिन इटारसी रात 12:40 बजे पहुंचेगी।
इस ट्रेन से भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश के झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, गोमती नगर, बाराबंकी, गोंडा और गोरखपुर जाने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वहीं इटारसी और बैतूल क्षेत्र के यात्रियों को नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, मंचेरियल, पेद्दापल्ली और काजीपेट जैसे दक्षिण की ओर जाने वाले प्रमुख स्टेशनों से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों को अलग-अलग ट्रेनों में कनेक्शन लेने की जरूरत कम होगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस एक आधुनिक नॉन-एसी और किफायती लंबी दूरी की ट्रेन है। इसे सुविधाजनक और आधुनिक ट्रेन के रूप में तैयार किया गया है। इसमें पुश-पुल तकनीक, आधुनिक कोच, बेहतर बैठने की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, दिव्यांग यात्रियों के लिए अनुकूल सुविधाएं और बेहतर यात्री सुविधाएं शामिल हैं।
ट्रेन दोनों दिशाओं में चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के डेढ़ लाख शिक्षकों को अल्टीमेटम... इस दिन तक पास करनी होगी TET, वरना जाएगी नौकरी