
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली के बाद कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में शिकायतों का अंबार तो नहीं लगा, लेकिन सामने आए मामले गंभीर सवाल खड़े करने वाले रहे। किसी महिला के ब्लैंक चेक का इस्तेमाल कर 10 लाख रुपये का चेक बाउंस करा दिया गया तो किसी बुजुर्ग महिला को बेटे-बहू ने अपने ही घर में प्रताड़ित किया। सोलर पैनल लगवाने के नाम पर भी धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान की शिकायत पहुंची।
इस तरह जनसुनवाई में कुल 54 आवेदक शिकायत लेकर पहुंचे, जिनको जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने सुना। इस दौरान अपर कलेक्टर पीसी शाक्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने कुछ मामलों में मौके पर निराकरण किया, जबकि गंभीर शिकायतों में संबंधित विभागों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शाहपुरा निवासी सुमंत्रा बाई अहिरवार ने शिकायत की कि लोन दिलाने के नाम पर उन्होंने परिचित राहुल अहिरवार को ब्लैंक चेक दिए थे। आरोप है कि राहुल ने चेक अपने दोस्त सत्यनारायण विश्वकर्मा को दे दिया, जिसने उसमें 10 लाख रुपये की राशि भरकर बैंक में लगा दिया और चेक बाउंस हो गया। अब राहुल मकान अपने नाम करने का दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर दूसरे चेक लगाकर कोर्ट में केस करने की धमकी दे रहा है। अपर कलेक्टर ने मामले की जांच एसीपी हबीबगंज को सौंपी है।
टीला जमालपुरा की नई बस्ती निवासी सुमन बाई ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह बेटे पूरनचंद और बहू शिवानी के साथ रहती हैं। उनका गुजारा मकान के किराये और वृद्धावस्था पेंशन से होता है। आरोप है कि बहू और उसकी मां ने जबरदस्ती उनका सामान दूसरी मंजिल पर रखवा दिया और पहली मंजिल पर दूसरे व्यक्ति को रहने के लिए जगह दे दी। बहू ने उनका खाना-पीना भी बंद कर दिया है। महिला ने बेटे-बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यूनियन कार्बाइड रोड निवासी रमेशचंद्र प्रजापति ने शिकायत में बताया कि उन्होंने कोहेफिजा निवासी सचिन कटारिया से 10 किलोवाट का सोलर पैनल 3.60 लाख रुपये में लगवाया था। 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने पर वापस करने का आश्वासन दिया गया था। उनकी गैरमौजूदगी में सोलर पैनल निकाल लिया गया। पैनल चालू नहीं होने से उन्हें रोजाना करीब 700 रुपये का नुकसान हो रहा है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के एलआईसी तिराहे के पास रेस्टोरेंट में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, पुलिस कर रही जांच