नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) ने वर्ष 2026 में कॉन्स्टेबल (टेक्निकल, ट्रेड्समैन और पायोनियर) के कुल 9175 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती देश सेवा के साथ एक सुरक्षित और सम्मानजनक सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर है।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से 19 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
पदों का विवरण और शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती के तहत कुल 9175 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 9096 पद पुरुष उम्मीदवारों के लिए और 79 पद महिला उम्मीदवारों के लिए हैं। उम्मीदवार का न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक है। कॉन्स्टेबल (ड्राइवर) पद के लिए 10वीं के साथ हेवी ट्रांसपोर्ट व्हीकल (HTV) ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है, जबकि तकनीकी ट्रेड्स के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई (ITI) डिग्री आवश्यक होगी।
आयु सीमा, आवेदन शुल्क और वेतन
कॉन्स्टेबल (ड्राइवर) के लिए आयु सीमा 21 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अन्य सभी पदों के लिए 18 से 23 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि महिला उम्मीदवारों और एक्स-सर्विसमैन के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। चयनित उम्मीदवारों को 21,700 से 60,100 रुपये प्रति माह का वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
चयन प्रक्रिया में फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), ट्रेड स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। लिखित परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग, जनरल नॉलेज एवं जनरल अवेयरनेस, एलिमेंट्री मैथमेटिक्स और हिंदी/अंग्रेजी से होंगे। प्रत्येक विषय से 25 प्रश्न होंगे और परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स 30 फीसदी निर्धारित हैं।
विषयवार तैयारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह
सब्जेक्ट एक्सपर्ट अभिषेक खरे बताते हैं कि प्रश्नों का स्तर 10वीं कक्षा के आसपास होता है, लेकिन सफलता के लिए स्पीड और एक्यूरेसी जरूरी है। रीजनिंग के लिए कोडिंग-डिकोडिंग और सीरीज का अभ्यास करें। जनरल नॉलेज के लिए पिछले 6 महीने के करंट अफेयर्स और एनसीईआरटी की किताबों से बेसिक्स मजबूत करें। मैथमेटिक्स में प्रतिशत, लाभ-हानि और औसत जैसे टॉपिक्स पर शॉर्ट ट्रिक्स सीखें। हिंदी/अंग्रेजी के लिए व्याकरण और अपठित गद्यांश का रोज अभ्यास करें।
फिजिकल टेस्ट और सफलता की रणनीति
फिजिकल टेस्ट के लिए रोज 1600 मीटर की दौड़, लंबी कूद और हाई जंप की तैयारी करें। शुरुआत 1-2 किमी से कर इसे धीरे-धीरे 5 किमी तक ले जाएं। विशेषज्ञ के अनुसार, तैयारी शुरू करने से पहले पूरे सिलेबस को पढ़ें और एक टाइम-टेबल तैयार करें जिसमें पढ़ाई, रिवीजन और फिजिकल ट्रेनिंग तीनों शामिल हों। हर सप्ताह कम से कम 2 मॉक टेस्ट दें और छोटे नोट्स बनाएं। अनुशासन और नियमित रिवीजन ही इस परीक्षा में सफलता की कुंजी है।