
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रिवेरा टाउन में आवारा श्वान के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी के कर्मचारियों ने एक श्वान को डंडों से पीटने के बाद उसके मुंह और चारों पैर प्लास्टिक व नायलान की रस्सी से बांध दिए। उसे नाले में फेंकने की भी तैयारी थी। मामले में महिला पत्रकार सुचंदना गुप्ता ने कमलानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
सुचंदना ने बताया कि 20 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे सोसायटी के कुछ कर्मचारी श्वान के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि इस पूरी कार्रवाई में सोसायटी के केयरटेकर नरेश गिरी के साथ तीन अन्य लोग शामिल थे। श्वान को बांधकर वाहन के नीचे रखने की कोशिश भी की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सोसायटी से 19 नवंबर से करीब चार महीने का एक श्वान भी गायब है। उनका आरोप है कि परिसर से पिछले कई वर्षों में बड़ी संख्या में श्वान रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुए हैं। करीब 18 साल से ऐसी घटनाएं होती रही हैं।
सुचंदना गुप्ता आसपास के आवारा श्वानों को भोजन कराती हैं और नगर निगम की मदद से उनकी नसबंदी भी करवाती हैं। आरोप है कि इसको लेकर सोसायटी के कुछ लोग उन्हें धमकाते और अभद्रता करते हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल से लेकर जबलपुर और पंजाब तक फैला 'बंटी-बबली' का नेटवर्क, 15 स्थायी वारंट थे जारी, दुबई में उड़ाए पैसे
उन्होंने पुलिस से श्वानों की सुरक्षा, लापता श्वान की तलाश और केयरटेकर सहित सोसायटी पदाधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि श्वान से क्रूरता के मामले में जांच कर जल्द ही केस दर्ज किया जाएगा।