
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बाग सेवनिया थाना क्षेत्र में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 47 वर्षीय व्यक्ति से दो लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वैष्णो परिसर, बाग सेवनिया निवासी सत्यपाल सिंह (47) से खुद को ट्रेड नोवा लाइट कंपनी से जुड़ा बताने वाले आरोपितों ने संपर्क किया।
उन्होंने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश करने पर 9,800 रुपये का त्वरित रिटर्न दिलाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद अधिक बोनस और भारी मुनाफे का लालच देकर बार-बार निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
आरोपितों के झांसे में आकर सत्यपाल सिंह ने अलग-अलग किस्तों में करीब दो लाख रुपये निवेश कर दिए।
बाद में जब उन्होंने राशि वापस निकालने का प्रयास किया तो आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच जारी है।