
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ओरछा में श्रीराम राजा के रूप में विराजमान हैं। उनकी नगरी तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए यह सेवा किसी 'पुष्पक विमान' से कम नहीं है। जिन दो शहरों के लिए सेवा की शुरुआत की गई है, दोनों ही प्रदेश के विरासत स्थल हैं। ओरछा जहां धार्मिक नगरी है वहीं चंदेरी, पौराणिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी के रूप में विख्यात है। मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे एविएशन सेक्टर से महाराष्ट्र सहित कई राज्य प्रेरणा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी के स्टेट हैंगर से 'पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा' के अंतर्गत नए सेक्टर 'भोपाल-चंदेरी-ओरछा' के लिए उड़ान का शुभारंभ कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर हेलीकाप्टर को झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा अशोकनगर के प्रभारी राकेश शुक्ला, महापौर मालती राय तथा फ्लाई ओला के एस. राम ओला उपस्थित थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दानशीलता और उदात्त चरित्र के धनी भगवान परशुराम ने सदैव अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। अपने साहस-पराक्रम और पुरुषार्थ के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले भगवान परशुराम हर युग में हम सबको प्रेरणा देते रहेंगे। ऐसे दिव्य व्यक्तित्व की जयंती पर प्रदेश को पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा समर्पित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नई उड़ान सेवा के पहले यात्रियों अवधेश प्रसाद शुक्ला, रेवती शुक्ला और रमाशंकर शुक्ला को बोर्डिंग पास प्रदान किए।
नए सेक्टर अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में पांच दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। स्टेट हैंगर से सुबह 9:30 बजे गंतव्य के लिए उड़ान भरेगी। यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया 5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 14,500 रुपये के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी 'एंड-टू-एंड' सुविधाएं भी शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए 3,500 रुपये में जाय राइड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, भोपाल से गुजरने वाली ट्रेनों को मिला तीसरा ट्रैक, अब समय पर चलेंगी सभी ट्रेनें
पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में यात्रा के लिए छह सीटों वाले आधुनिक हेलीकाप्टर का उपयोग किया जा रहा है। गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और आईआरसीटीसी पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मप्र स्थापना दिवस एक नवंबर 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का तीन सेक्टरों में शुभारंभ किया गया था।
यह सेवा वर्तमान में आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़-चित्रकूट और मैहर के बीच संचालित है। वहीं ईको टूरिज्म सेक्टर भोपाल-मढ़ई-पचमढ़ी में हेलीपेड ईको सेंसटिव जोन में होने के कारण वन विभाग की आपत्ति के बाद उड़ान दूसरे दिन ही बंद हो गई थी, जो फिर से शुरू नहीं हो पाई है। पर्यटन बोर्ड से मिले आंकड़ों के मुताबिक आध्यात्मिक और वाइल्डलाइफ सेक्टर में अब तक करीब 2 हजार 700 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ लिया है।