भोपाल जीआरपी का बड़ा एक्शन, सेना के जवानों को ठगने वाली दिल्ली की 'टप्पेबाज' गैंग गिरफ्तार; 9 लाख का माल बरामद
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और सेना के जवानों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाली दिल्ली की 'टप्पेबाज' गैंग का भोपाल जीआरपी ने पर्दाफाश किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 05:32:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 05:32:17 PM (IST)
भोपाल जीआरपी का बड़ा एक्शन( एआई फोटो)HighLights
- नकली नोटों की गड्डी दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार
- सेना के जवान समेत कई लोग ठगी का शिकार
- छह आरोपित गिरफ्तार, नौ लाख का मशरुका बरामद
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और सेना के जवानों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाली दिल्ली की 'टप्पेबाज' गैंग का भोपाल जीआरपी ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह बातों के जाल में फंसाकर पलक झपकते ही लोगों की जेबें साफ कर देता था।
पुलिस ने गैंग के छह सदस्यों को दबोचकर उनके पास से चोरी के मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन सहित करीब नौ लाख रुपये का मशरुका बरामद किया है। जीआरपी भोपाल टीआइ जहीर खान ने बताया कि इस गिरोह के काम करने का तरीका फिल्मी था।
कैसे बनाते थे निशाना
ये बदमाश कागज के टुकड़ों को रुमाल में लपेटकर नोटों की 'नकली गड्डी' तैयार करते थे। भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर ये किसी सीधे-साधे यात्री या सेना के जवान को निशाना बनाते और उन्हें विश्वास में लेकर वह नकली गड्डी थमा देते थे।
जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता, ये शातिर उसका मोबाइल और एटीएम कार्ड पार कर चुके होते थे और तुरंत खाते से पैसे निकाल लेते थे।
सीसीटीवी से मिला सुराग
इस अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ 16 अप्रैल को हुआ, जब उद्योग नगरी एक्सप्रेस से आए सेना के जवान अमर सिंह इस ठगी का शिकार हुए। पुलिस अधीक्षक (रेल) राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में गठित टीम ने जब स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो कुछ संदिग्ध युवक जवान को घेरे हुए नजर आए।
इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दिल्ली की बवाना कालोनी के निवासी जोगिंदर, दिलशाद, अरशद, सुमित, मोहम्मद अनवर और अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली से एमपी तक फैला था जाल
पकड़े गए आरोपितों ने न केवल भोपाल, बल्कि इंदौर में भी डेढ़ लाख रुपये की चोरी की बात कबूल की है। आरोपित अरशद और सुमित पुराने अपराधी हैं, जिन पर दिल्ली, गाजियाबाद और मथुरा में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
इस सफलता में थाना प्रभारी जहीर खान और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेलवे और जीआरपी पुलिस ने अपील की है कि रेलवे स्टेशन या भीड़भाड़ वाली जगहों पर किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। यदि कोई आपको नोटों की गड्डी या लावारिस सामान का लालच दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
यह भी पढ़ें- Gold-Silver Price: सोना-चांदी खरीदने का शानदार मौका, कीमतों में आई भारी गिरावट, देखें अपने शहर का ताजा रेट