
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पहली बार जनगणना का काम पूरी तरह से डिजिटल होगा, जिसके तहत मकानों की जियो-टैगिंग से लेकर लोगों को ऑनलाइन स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है। राजधानी में जनगणना का कार्य दो चरणों में होगा, जिसको लेकर पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। पहला चरण कल से शुरू हो जाएगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा। जनगणना के लिए करीब छह हजार अधिकारी व कर्मचारियों को लगाया गया है, जो कि मकानों की गणना व सूचीकरण का काम करेंगे। इसके लिए उन्हें बकायदा प्रशिक्षण दिया गया है।
जानकारी के अनुसार भारत की जनगणना 2026-27 के तहत जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना का प्रथम चरण शुरू किया गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है, जिसमें घर-घर जाकर भवन-मकान नंबर अंकन, अनुमानित परिवार संख्या, मुखिया का नाम, निवास का स्वरूप (आवासीय/अनावासीय) सहित अन्य आवश्यक जनगणना संबंधी आंकड़ों का संग्रहण किया जाएगा। जिसके लिए हाउस लिस्टिंग ब्लाक (एचएलबी) बनाए गए हैं।
शहरी क्षेत्रों को 25 चार्जों में बांटा गया है और पांच हजार 42 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के चार्जों में 907 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, एक प्रगणक को 200 मकानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में 04 चार्ज बनाए गए हैं जिसमें बैरसिया नगर परिषद, बैरसिया ग्रामीण, हुजूर व कोलार के साथ ही उनके कार्यों की निगरानी के लिए प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है।
कल से खुद भर सकेंगे जानकारी, एक मई से शुरू होगा सूचीकरण जिले में चार्ज स्तर पर 15 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। जिसमें कर्मचारियों को प्रथम चरण के तहत किए जाने वाले कार्यों मकान नंबरिंग की प्रक्रिया, सूचीकरण के दौरान सावधानियां, घर-घर भ्रमण की कार्ययोजना, अभिलेखों की शुद्धता, समय-सीमा के पालन, आम नागरिकों से समन्वय बनाकर कार्य करना आदि की जानकारी दी जाएगी।
इससे पहले 16 अप्रैल से पोर्टल पर मकान मालिक खुद भी स्वगणना विकल्प के जरिए जानकारी भर सकेंगे। जबकि एक से 30 मई तक पहला चरण (मकान सूचीकरण और आवास गणना) चलेगा, जो पूरी तरह डिजिटल होगा। इस दौरान ऑनलाइन अपलोड की गई जानकारी का भी प्रगणकों द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मेडिकल छात्रा के हॉस्टल में घुसा सिरफिरा छात्र, कमरा बंद कर की मारपीट और अश्लील हरकत, आरोपी फरार
जनगणना 2026-27 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, छह हजार प्रगणकों द्वारा यह काम पूरा किया जाएगा। 16 अप्रैल से लोग स्वगणना विकल्प के माध्यम से खुद भी जानकारी अपलोड कर सकेंगे। जबकि एक से 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण व सत्यापन का काम करेंगे। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।- भुवन गुप्ता, जिला जनगणना अधिकारी