
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कराया गया और दावा किया गया कि अपात्रों के नाम सूची से हटाए गए हैं लेकिन कांग्रेस ने इसमें फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल जिले के नरेला विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी रहे मनोज शुक्ला के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा को ज्ञापन सौंपा और कहा कि एक ही पते पर कई नाम जोड़े गए हैं। दो मकान मालिकों ने शपथ पत्र भी दिए, जिसमें दावा किया गया कि उनके आवास पर कई मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं।
शिकायत को जांच के लिए भोपाल जिला प्रशासन को भेजा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। पार्टी के प्रत्याशी रहे मनोज शुक्ला ने सूची की जब जमीनी स्तर पर जांच कराई तो यह पाया कि 21 फरवरी 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची में कई ऐसे मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं जो संबंधित पते पर निवास ही नहीं करते। इनमें रतन कालोनी करोंद भोपाल के निवासी पोखनलाल साहू (मकान नंबर दो), कमलेंद्र कुमार गुप्ता (मकान नंबर 10) और हमीर सिंह यादव (मकान नंबर 21) शामिल हैं।
पोखनलाल साहू के घर में छह लोग रहते हैं, लेकिन सूची में उनके पते पर 65 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इसी तरह हमीर सिंह यादव के घर के पते पर 45 और कमलेंद्र कुमार गुप्ता के पते पर भी 40 नाम दर्ज हैं। इन सभी का कहना है कि वे इन व्यक्तियों को पहचानते तक नहीं हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शपथ पत्रों के आधार पर फर्जी मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित कर निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र समिति गठित करने की मांग की। वहीं, मनोज शुक्ला ने कहा कि 2003 के विधानसभा चुनाव के पहले भी उन्होंने लगभग 20,000 ऐसे मतदाताओं की सूची आयोग को दी थी जिनके नाम दो-दो स्थान पर थे।
एसआइआर की प्रक्रिया के दौरान भी कई ऐसे आवासों की जानकारी दी जहां 120 से 130 तक मतदाता दर्ज पाए गए। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी आरोप लगाया कि दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भी फर्जी शिकायतें करवाकर पांच हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से कटवाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि जो शिकायत और प्रमाण प्रस्तुत किए गए हैं उसकी विधिवत जांच करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस MLA मुकेश मल्होत्रा की विधायकी रद्द, बीजेपी के रामनिवास रावत होंगे नए विधायक, हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला