
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बोर्ड परीक्षाएं सात मार्च को समाप्त हो जाएंगी। 10वीं की शुक्रवार को आखिरी परीक्षा होगी, जबकि 12वीं की सात मार्च को हिंदी विषय के साथ परीक्षा समाप्त होगी। वहीं उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का दूसरा चरण जारी है।
मूल्यांकन का कार्य भी शुरू
मंडल ने इस बार रिजल्ट जल्द घोषित करने के लिए परीक्षाओं के साथ-साथ 22 फरवरी से उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य भी शुरू कर दिया है। इस साल करीब 16 लाख विद्यार्थियों की 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में प्रदेश से करीब 20 हजार शिक्षकों को लगाया गया है।
इस वर्ष शिक्षकों को प्रतिदिन 45 से 60 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मार्च के अंत तक कापियों के जांचने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद डाटा प्रोसेसिंग का कार्य शुरू होगा। संभावना है कि मई के पहले सप्ताह तक नतीजे घोषित किए जा सकते हैं।
कैमरे की निगरानी में मूल्यांकन कार्य
समन्वयक केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में कापियां जांची जा रही हैं। शिक्षकों की उपस्थिति मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज होने के बाद ही उत्तरपुस्तिकाएं दी जा रही हैं। स्कूल पहुंचते ही शिक्षकों की एंट्री अटेंडेंस एप पर दर्ज की जा रही है। इसके बाद शिक्षकों को मोबाइल जमा कर मूल्यांकन कार्य के लिए प्रवेश दिया जा रहा है। निरीक्षण दल भी मंडल के एप आधारित डाटा से मूल्यांकन केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं।
मई के पहले सप्ताह में आ सकते हैं नतीजे
अधिकारियों का कहना है कि मंडल का लक्ष्य मार्च के अंतिम सप्ताह तक मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करना है, ताकि जल्द नतीजे घोषित किए जा सकें। संभावना है कि मई के पहले सप्ताह तक मंडल द्वारा परिणाम जारी किए जा सकते हैं। पिछले साल यानी 2025 में बोर्ड ने छह मई को दोनों कक्षाओं के नतीजे घोषित किए थे।
जून में लगेंगी विशेष कक्षाएं
मप्र बोर्ड में 10वीं और 12वीं में विद्यार्थियों को पास होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। यदि एक या दो विषयों में न्यूनतम पास प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो विद्यार्थी फेल माना जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों के लिए जुलाई में द्वितीय मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जून में सभी स्कूलों में विशेष कक्षाएं लगाकर दूसरी परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।
अधिकारियों का क्या कहना
“मार्च अंत तक मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद डाटा प्रोसेसिंग का कार्य शुरू होगा। रिजल्ट जल्द घोषित करने का प्रयास रहेगा।”
— बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं
यह भी पढ़ें- भोपाल के हॉस्पिटल में युवक की मौत के बाद बवाल, भीड़ ने पुलिस पर बरसाए पत्थर... वाहन तोड़े; कई लोग हिरासत में